भारत के खिलाफ T-20 वर्ल्ड कप में करारी हार से पाक में घमासान, बुरी तरह भड़के आर्मी चीफ असीम मुनीर
पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने टीम के खराब प्रदर्शन और उससे पहले दिए गए बयानों को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी पर नाराजगी जताई है.

T20 World Cup में भारत से मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान के सत्ता और खेल तंत्र के बीच तनाव की खबरें सामने आई हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने टीम के खराब प्रदर्शन और उससे पहले दिए गए बयानों को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी पर नाराजगी जताई है.
नकवी ने क्या कहा?
नकवी वर्तमान में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार में गृहमंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं, जिससे यह मामला और संवेदनशील हो गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच खेलने को लेकर पहले अनिश्चित रुख और बाद में अचानक सहमति जताने से स्थिति पहले ही जटिल हो चुकी थी. इसके अलावा, मैच से पहले मोहसिन नकवी द्वारा दिए गए कुछ सख्त और आक्रामक बयानों ने भी माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया. नकवी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि न तो पाकिस्तान सरकार, न सेना और न ही वह स्वयं किसी तरह के दबाव से डरते हैं. इस बयान में सेना प्रमुख का नाम शामिल किए जाने से सैन्य नेतृत्व असहज हो गया.
सूत्रों का कहना है कि सेना प्रमुख असीम मुनीर इस बात से विशेष रूप से नाराज थे कि उन्हें बिना पूर्व अनुमति के इस मुद्दे में शामिल किया गया. उनका मानना है कि क्रिकेट से जुड़े मामलों को खेल प्रशासन तक ही सीमित रखा जाना चाहिए था और इसमें सेना का नाम घसीटना उचित नहीं था. यह भी बताया गया कि टीम की हार के बाद सेना नेतृत्व ने इसे सिर्फ खेल की हार नहीं, बल्कि तैयारी और प्रबंधन की कमी का परिणाम माना.
असीम मुनीर ने जताई नाराजगी
रिपोर्ट्स के अनुसार, असीम मुनीर ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी नाराजगी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ तक भी पहुंचाई है. उन्होंने सैन्य सचिव के माध्यम से प्रधानमंत्री को संदेश भेजकर यह स्पष्ट किया कि पीसीबी इस मामले को बेहतर तरीके से संभाल सकता था. उनका मानना था कि गैरजरूरी बयानबाजी और खराब रणनीति ने स्थिति को और खराब किया.
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 175 रन बनाए, जिसमें ईशान किशन की शानदार अर्धशतकीय पारी का अहम योगदान रहा. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम दबाव में नजर आई और 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई. इस तरह भारत ने यह मुकाबला 61 रन के बड़े अंतर से जीत लिया. इस हार ने पाकिस्तान क्रिकेट में चल रही आंतरिक चुनौतियों और प्रशासनिक विवादों को और उजागर कर दिया है.


