दिल्ली विधानसभा परिसर में बैरियर तोड़ घुसी कार, स्पीकर की गाड़ी पर स्याही फेंक आरोपी फरार
दिल्ली विधानसभा में एक व्यक्ति कार से बैरियर तोड़कर घुसा और स्पीकर की गाड़ी पर स्याही फेंककर फरार हो गया. इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर हाल की धमकियों के बाद.

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक गंभीर चूक सामने आई है, जिसने पूरे प्रशासनिक तंत्र को सतर्क कर दिया है. सोमवार दोपहर एक व्यक्ति कार लेकर विधानसभा परिसर में जबरन घुस गया और वहां हंगामा खड़ा कर दिया. जानकारी के अनुसार, आरोपी ने न केवल सुरक्षा बैरियर तोड़ा बल्कि परिसर के अंदर तक पहुंचने में भी कामयाब रहा, जिससे सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं.
दोपहर करीब 2 बजे की घटना
घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि यूपी नंबर की एक कार गेट नंबर-2 से तेजी से अंदर घुसी और वहां लगे बैरियर को तोड़ते हुए परिसर में दाखिल हो गई. अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. इससे पहले कि सुरक्षाकर्मी कुछ समझ पाते, आरोपी अपनी योजना को अंजाम दे चुका था.
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की गाड़ी को निशाना बनाया और उस पर स्याही फेंक दी. इसके बाद वह बिना रुके मौके से फरार हो गया. इस दौरान उसने स्पीकर के दफ्तर की ओर भी रुख किया और वहां बरामदे के पास एक गुलदस्ता रखकर वापस लौट गया. इस अजीबोगरीब हरकत ने मामले को और भी संदिग्ध बना दिया है.
अधिकारियों का क्या कहना है?
अधिकारियों का कहना है कि यह घटना सुरक्षा में एक बड़ी सेंध के रूप में देखी जा रही है. जिस तरह से आरोपी बिना किसी रोक-टोक के अंदर घुसा और वारदात को अंजाम देकर निकल गया, वह सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है. फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां भी मिल चुकी हैं. ऐसे में इस तरह की सुरक्षा चूक ने चिंता को और बढ़ा दिया है. अब प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी में है.


