दिल्ली की यमुना सफाई में सुधार: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा – 'बहुत फर्क आ गया है, टारगेट पूरे हो रहे हैं'
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना सफाई को लेकर खुशखबरी दी है. उन्होंने कहा कि सफाई कार्यों में बड़ा सुधार हुआ है और सभी टारगेट समय पर पूरे हो रहे हैं. खासकर दिल्ली के बड़े नालों की सफाई से यमुना में साफ-सफाई में फर्क आ रहा है. रेखा गुप्ता ने कहा कि 22 नालों से गाद निकालने का काम चल रहा है और एसटीपी बनाए जा रहे हैं. पिछले काम और आज के काम में साफ फर्क देखा जा सकता है. क्या है इस सफाई की असली सच्चाई? पूरी खबर जानने के लिए पढ़ें पूरी स्टोरी!

New Delhi: दिल्लीवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना सफाई के मुद्दे पर सकारात्मक बयान दिया है. उन्होंने गुरुवार को दिल्ली के उन बड़े नालों का निरीक्षण किया, जो यमुना नदी में गिरते हैं और प्रदूषण का मुख्य कारण माने जाते हैं. मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि पहले की तुलना में अब बहुत फर्क आया है और सभी निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा रहा है.
वजीराबाद और नजफगढ़ नालों की सफाई का निरीक्षण
रेखा गुप्ता, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मंत्री परवेश साहिब सिंह ने मिलकर वजीराबाद और नजफगढ़ जैसे प्रमुख नालों की सफाई कार्यों की जांच की. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार और एलजी साहब के साथ मिलकर इन नालों की सफाई की प्रक्रिया को मॉनिटर किया जा रहा है, और इसका असर यमुना की स्वच्छता पर साफ तौर पर देखा जा सकता है.
मुख्यमंत्री ने सफाई की प्रगति पर खुशी जाहिर की
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, 'जब हम यमुना की सफाई के बारे में बात करते हैं तो आपको बताना चाहूंगी कि 22 नालों से गाद निकालने का काम जारी है और इन नालों के लिए एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) भी बनाये जा रहे हैं.' उन्होंने यह भी कहा कि हर 15 दिन बाद इन नालों का निरीक्षण किया जाता है और सफाई की प्रक्रिया लगातार जारी है. मुख्यमंत्री ने कहा, 'पहली बार जो हमने विजिट किया था और आज का फर्क साफ देखा जा सकता है.'
साफ-सफाई के टारगेट पूरे हो रहे हैं
रेखा गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस तेजी से सफाई का काम चल रहा है, वह उम्मीद से कहीं बेहतर है. सरकार ने सभी टारगेट पूरे किए हैं और सफाई के काम में कोई रुकावट नहीं आ रही है. सरकार का उद्देश्य है कि इन नालों को पूरी तरह से साफ किया जाए ताकि यमुना में गिरने के बाद पानी प्रदूषित न हो.
रेखा गुप्ता ने साधा पूर्व सरकार पर निशाना
मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने कभी इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया. रेखा गुप्ता ने कहा, 'पूर्व सरकार ने कभी भी इन नालों की सफाई के लिए मैदान में नहीं उतरी और न ही कोई ठोस कदम उठाए.' उन्होंने यह भी कहा कि एलजी साहब ने इस कार्य को सही दिशा में आगे बढ़ाया और अब दिल्लीवासियों की सुविधा के लिए सरकार पूरी टीम के साथ मिलकर काम कर रही है. मुख्यमंत्री के इस बयान से यह साफ है कि दिल्ली सरकार यमुना सफाई में गंभीरता से जुटी है और आगे भी इसके लिए लगातार काम करती रहेगी.


