नितिन गडकरी के नागपुर स्थित आवास को बम से उड़ाने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले व्यक्ति को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है. जांच में धमकी झूठी पाई गई और मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह धमकी रविवार सुबह 8:46 बजे दी गई थी, जिसमें गडकरी के वर्धा रोड स्थित आवास को 10 मिनट के भीतर उड़ाने की बात कही गई थी. कॉल मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और प्रतापनगर थाने को सूचित किया गया.

उमेश विष्णु राउत के रूप में हुई आरोपी की पहचान 

पुलिस ने इस मामले में तत्काल एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की. आरोपी की पहचान उमेश विष्णु राउत के रूप में हुई, जिसे बीमा अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी तुलसीबाग रोड, महल का निवासी है और मेडिकल चौक के पास एक देशी शराब की दुकान में काम करता है. उसने अपने मोबाइल से गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी थी.

ज़ोन 1 के पुलिस उपायुक्त (DCP) ऋषिकेश रेड्डी ने जानकारी दी कि यह कॉल 112 इमरजेंसी नंबर पर सुबह करीब 9 बजे आई थी. जैसे ही यह सूचना मिली, बम निरोधक दस्ता (BDS) सक्रिय किया गया और गडकरी के सुरक्षा स्टाफ को सतर्क कर दिया गया. पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. इससे स्पष्ट हुआ कि कॉल सिर्फ एक झूठी धमकी थी.

नागपुर में ही मौजूद थे गडकरी 

गडकरी उस समय नागपुर में ही मौजूद थे लेकिन वे पूरी तरह सुरक्षित हैं. पुलिस ने आश्वस्त किया है कि उनकी सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और इलाके की निगरानी कड़ी कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है. उसे धमकी देने वाले मोबाइल नंबर से ट्रैक कर पकड़ा गया. अब उससे पूछताछ चल रही है कि उसने ऐसा कृत्य क्यों किया और उसका मकसद क्या था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag