कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां महज 200 रुपये के लेन-देन को लेकर एक युवक की इतनी नृशंस हत्या कर दी गई कि सुनने वालों की रूह कांप जाए. दोस्ती का भरोसा शराब की बोतल के साथ टूटा और विवाद देखते ही देखते खून-खराबे में बदल गया.
रविवार रात निराला नगर रेलवे मैदान में हुई इस घटना में पहले युवक को शराब पिलाई गई, फिर नग्न कर बेल्ट से पीटा गया और आखिर में ईंट से सिर कुचलकर उसकी जान ले ली गई. आरोपी शव को खुले मैदान में छोड़कर फरार हो गए. सोमवार सुबह कुत्तों को शव नोंचते देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.
पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय राहुल अवस्थी रमईपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर सेल्समैन था, लेकिन 22 दिसंबर को उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. आर्थिक तंगी के चलते राहुल ने बाबानगर निवासी अपने दोस्त कामता शर्मा से 200 रुपये उधार लिए थे. रकम वापस न होने पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
इसी रंजिश में कामता शर्मा ने रविवार रात राहुल को शराब पीने के बहाने बुलाया. वह अपने भतीजे मोहित के साथ बाइक से राहुल को साकेतनगर ले गया, जहां शराब खरीदने के बाद तीनों रेलवे मैदान पहुंचे. शराब पीने के दौरान जब कामता ने फिर रुपये मांगे तो झगड़ा बढ़ गया.
आरोप है कि चाचा-भतीजे ने राहुल को बेल्ट से पीटना शुरू किया. सर्दी में कपड़े पहने होने के कारण जब मार का असर कम हुआ तो उसे नग्न कर दिया गया. इसके बाद दोबारा बेल्ट से हमला किया गया और अंत में इंटरलॉकिंग ईंट से राहुल का चेहरा और सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई.
राहुल के पिता राम प्रकाश अवस्थी ने बताया कि रविवार रात करीब 10:45 बजे राहुल बाइक से घर आया था. उसके साथ कामता भी मौजूद था. राहुल ने कहा था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा. रास्ते में कामता ने अपने भतीजे मोहित को भी बाइक पर बैठा लिया. इसके बाद राहुल कभी वापस नहीं लौटा.
हत्या के बाद पुलिस ने ऑयल डिपो के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें कामता बाइक पर नजर आया. पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. First Updated : Tuesday, 30 December 2025