इंदौर त्रासदी के विरोध में घंटा बजाओ आंदोलन, कांग्रेस ने सांसदों-विधायकों के आवास के बाहर किया प्रदर्शन
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई मौतों के विरोध में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश भर में ‘घंटा बजाओ’ आंदोलन किया. भोपाल, मंदसौर, बुरहानपुर, कटनी सहित कई शहरों में कार्यकर्ताओं ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग की.

मध्य प्रदेश : इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से हुई मौतों के मामले ने मध्य प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है. इस घटना को लेकर कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने रविवार को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया. भोपाल से लेकर मंदसौर, बुरहानपुर, कटनी, शहडोल, उज्जैन और मैहर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए. इस विरोध को ‘घंटा बजाओ’ आंदोलन का नाम दिया गया, जिसके जरिए कांग्रेस ने सरकार को “नींद से जगाने” का दावा किया.
भोपाल में सांसद के बंगले के बाहर विरोध
मंदसौर में डिप्टी सीएम के आवास का घेराव
मंदसौर में कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद सुधीर गुप्ता के आवास का घेराव किया. यहां प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए. कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई और कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स लांघकर गेट तक पहुंच गए. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा. कांग्रेस का आरोप था कि सरकार की नाकामी के कारण आम जनता को अपनी जान गंवानी पड़ रही है.
बुरहानपुर, कटनी और अन्य जिलों में प्रदर्शन
बुरहानपुर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टॉक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक अर्चना चिटनिस के निवास की ओर मार्च किया. पुलिस ने कॉलोनी के मुख्य द्वार पर ही उन्हें रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और घंटा बजाकर नारेबाजी करने लगे. कटनी में मुड़वारा विधायक के घर के सामने कांग्रेस ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान के विरोध में प्रदर्शन किया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता और भाजपा समर्थक आमने-सामने आ गए.
शहडोल, उज्जैन और मैहर में भी गूंजा विरोध
शहडोल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद कार्यालय के सामने घंटा बजाकर प्रदर्शन किया. उज्जैन में ग्रामीण जिला अध्यक्ष व विधायक महेश परमार, विधायक दिनेश जैन और शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री निवास के घेराव का प्रयास किया गया. वहीं मैहर में जिला अध्यक्ष धर्मेश घई के नेतृत्व में विधायक कार्यालय के बाहर घंटा बजाकर विरोध जताया गया.
कांग्रेस का कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और जिम्मेदार मंत्री जवाबदेही नहीं लेते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. पार्टी ने इसे आमजन की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है.


