Jaunpur News: जौनपुर में 75 वर्षीय बुजुर्ग ने 35 साल की महिला से की शादी, सुहागरात वाले दिन हुई अचानक मौत
Jaunpur News: जौनपुर के कुछमुच गांव में 75 वर्षीय संगरू राम ने 35 वर्षीय मनभावती से शादी रचाई, लेकिन सुहागरात वाले दिन ही उनकी अचानक मौत ने सबको चौंका दिया. भतीजों ने अंतिम संस्कार रुकवाकर जांच की मांग की है.

Jaunpur News: जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है. यहां 75 वर्षीय एक बुजुर्ग ने 35 साल की महिला से शादी की, लेकिन शादी के अगले दिन सुहाग रात वाले दिन उनकी अचानक मौत हो गई. बुजुर्ग की मृत्यु के बाद गांव में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है. परिजन मामले को संदिग्ध मान रहे हैं और अब अंतिम संस्कार भी रोक दिया गया है. यह मामला पुलिस जांच की ओर बढ़ता नजर आ रहा है.
कौन थे संगरू राम?
कुछमुछ गांव के रहने वाले संगरू राम एक किसान थे जिनकी पहली पत्नी का निधन एक साल पहले हो गया था. उनके कोई संतान नहीं थी और वे अकेले खेती-बाड़ी करके जीवन यापन कर रहे थे. उनके भाई और भतीजे दिल्ली में रहते हैं और वहीं व्यापार करते हैं. गांववालों के अनुसार संगरू राम लंबे समय से दूसरी शादी की इच्छा जता रहे थे. कई लोगों ने उम्र का हवाला देकर उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने. उन्होंने सोमवार को 35 वर्षीय मनभावती से पहले कोर्ट मैरिज की और फिर मंदिर में रीति-रिवाज से शादी रचाई. मनभावती की भी यह दूसरी शादी थी. उनके पहले पति से दो बेटियां और एक बेटा है.
मनभावती ने मीडिया को बताया
संगरू ने मुझसे कहा था कि तुम बस मेरा घर संभाल लेना, बच्चों की जिम्मेदारी मैं उठाऊंगा. शादी के बाद हम रातभर बातें करते रहे. सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
भतीजों ने रुकवाया अंतिम संस्कार
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है. संगरू राम के भतीजों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए अंतिम संस्कार रुकवा दिया है. अब गांव में चर्चा है कि क्या पुलिस इस मामले की जांच करेगी और क्या पोस्टमार्टम कराया जाएगा या नहीं.
इस घटना को लेकर पूरे गांव में चर्चाओं का दौर जारी है. कोई इसे दिल का दौरा बता रहा है तो कुछ लोग परिस्थितियों पर सवाल उठा रहे हैं. फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है लेकिन परिजनों के रुख को देखते हुए मामला जांच के घेरे में आ सकता है.


