शिव जयंती समारोह के दौरान शिवनेरी किले में भगदड़ जैसी स्थिति, छह लोग घायल

महाराष्ट्र में शिव जयंती के मौके पर शिवनेरी किला में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. इस दौरान कम से कम छह लोग घायल हो गए.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

महाराष्ट्र में शिव जयंती के मौके पर शिवनेरी किला में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. यह किला छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्मस्थान है. इसलिए हर साल यहां भव्य आयोजन होता है. इस बार भी पुणे जिले के जुन्नार तालुका स्थित किले में देर रात से ही लोगों का आना शुरू हो गया था. हजारों श्रद्धालु किले में पहुंच गए, जिससे भीड़ पर नियंत्रण रखना मुश्किल हो गया. इस दौरान अचानक धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कम से कम छह लोग घायल हो गए.

पर्याप्त पुलिस बल नहीं था मौजूद

घटना के दौरान महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु, युवा समूह और कई सामाजिक संगठन शिव ज्योति लेकर किले में पहुंचे थे. मुख्य समारोह शुरू होने से पहले ही किले का परिसर पूरी तरह भर चुका था. भीड़ लगातार बढ़ती जा रही थी, जबकि वहां पर्याप्त पुलिस बल और व्यवस्थाएं मौजूद नहीं थीं. संकरे रास्तों और प्रवेश द्वारों पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई.

विशेष रूप से हाथी दरवाजा और गणेश दरवाजा के आसपास स्थिति ज्यादा खराब रही. ये रास्ते संकरे होने के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई और अचानक लोगों के आगे बढ़ने की कोशिश से अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान कई लोग गिर पड़े और कुछ को चोटें आईं. घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं. सभी घायलों को तुरंत जुन्नार के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई.

समारोह में वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों के शामिल होने की संभावना

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने तुरंत स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया और भीड़ को नियंत्रित किया. इसके बाद किले में स्थिति सामान्य हो गई. हर साल शिव जयंती का मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित किया जाता है और इस बार भी सुबह 9 बजे मुख्य समारोह प्रस्तावित है, जिसमें राज्य के वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है.

इस घटना के बाद प्रशासन की तैयारियों और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं. शिव जयंती पर हर साल बड़ी संख्या में लोग शिवनेरी किले में पहुंचते हैं, इसलिए विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों ने बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल और प्रवेश-निकास की बेहतर योजना बनाने की मांग की है. प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag