प्रेमी को धमकी... फिर कत्ल, गुजरात की दिल दहलाने वाली वारदात

गुजरात के बनासकांठा में 18 वर्षीय युवती की हत्या ने सनसनी मचा दी है. मौत से पहले उसने प्रेमी को इंस्टाग्राम पर 'मुझे बचा लो' का मैसेज भेजा. पुलिस ने इसे ऑनर किलिंग करार दिया. पिता और चाचा पर हत्या का आरोप लगाया है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

Gujarat Crime News: गुजरात के बनासकांठा जिले में एक 18 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है. युवती ने मौत से कुछ घंटे पहले अपने प्रेमी को इंस्टाग्राम पर खौफनाक मैसेज भेजा था. 'मुझे बचा लो'  लेकिन इससे पहले कि वह मदद पहुंच पाता, उसकी लाश घर में पाई गई. शुरुआती जांच में मौत को प्राकृतिक बताया गया, लेकिन हालात ने पुलिस को गहन जांच करने पर मजबूर कर दिया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह मामला इज्जत बचाने के नाम पर हत्या किया गया है, जिसमें पीड़िता के अपने पिता और चाचा पर हत्या का आरोप है. अधिकारियों ने इसे सुनियोजित अपराध बताते हुए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पिता फरार है.

क्या है पूरा मामला?

पीड़िता चंद्रिका चौधरी हरीश चौधरी के साथ रिश्ते में थी, लेकिन उसका परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और उसकी शादी कहीं और करना चाहता था. 24 जून की रात चंद्रिका ने हरीश को मैसेज भेजा  'आओ और मुझे ले जाओ' वरना मेरा परिवार मेरी इच्छा के विरुद्ध मेरी शादी करा देगा. अगर मैं शादी के लिए राजी नहीं हुई तो वे मुझे मार डालेंगे. मुझे बचा लो.

संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

मैसेज भेजने के कुछ घंटों बाद चंद्रिका का शव घर में मिला. परिवार ने इसे प्राकृतिक मौत बताते हुए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया. एएसपी सुमन नाला के अनुसार, 'लड़की को डॉक्टर के पास नहीं ले जाया गया और मौत के बाद किसी करीबी रिश्तेदार को भी नहीं बुलाया गया, यहां तक कि उसके भाई को भी नहीं.'

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और विरोधाभासी बयानों के आधार पर पाया कि हत्या की तीन-स्तरीय योजना बनाई गई थी. अधिकारी ने बताया गया कि पहले उसे बेहोशी की दवा दी गई, फिर गला घोंट दिया गया और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया.

गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई

थराद पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज होने के बाद चंद्रिका के चाचा और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मुख्य आरोपी पिता की तलाश जारी है. पुलिस का मानना है कि यह पूरी तरह से सुनियोजित और योजनाबद्ध हत्या थी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो