10 साल की बच्ची की हत्या से दहला तमिलनाडु: सड़कों पर उतरे लोग, CM विजय ने कहा 'अपराधियों को छोडूंगा नहीं'
पुलिस के मुताबिक बच्ची घर के पास से किराने का सामान लेने निकली थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया और बाद में उसकी हत्या कर दी। घटना की खबर फैलते ही सुलूर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

चेन्नई: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के सुलूर इलाके में 10 साल की बच्ची की हत्या ने पूरे राज्य को हिला दिया है। बच्ची गुरुवार शाम से लापता थी और शुक्रवार को उसका शव कन्नमपलयम झील के पास घायल हालत में मिला। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कार्तिक और मोहन राज के रूप में हुई है।
किराने का सामान लेने गई थी बच्ची
पुलिस के मुताबिक बच्ची घर के पास से किराने का सामान लेने निकली थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया और बाद में उसकी हत्या कर दी। घटना की खबर फैलते ही सुलूर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बच्ची के माता-पिता और रिश्तेदारों ने सुलूर पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। परिवार ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आता, वे शव नहीं लेंगे। परिवार के एक सदस्य ने कहा कि हमने बदलाव के लिए वोट दिया था, लेकिन अब कोई भरोसा तक नहीं मिल रहा।
CM जोसेफ विजय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने इस घटना को बेहद दुखद और झकझोर देने वाला बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि समाज में ऐसे अमानवीय अपराधों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराधियों को छोड़ा नहीं जाएगा।
கோயம்புத்தூரில் நேற்று 10 வயது சிறுமிக்கு நிகழ்ந்த கொடூர சம்பவம் மிகுந்த வேதனையையும், அதிர்ச்சியையும் அளிக்கிறது. இத்தகைய மனிதநேயமற்ற மற்றும் மன்னிக்க முடியாத குற்றச் செயல்கள் நமது சமூகத்தில் ஒருபோதும் ஏற்றுக்கொள்ளப்பட முடியாது.
— CMOTamilNadu (@CMOTamilnadu) May 23, 2026
தங்கள் உயிருக்குயிரான குழந்தையைப் பிரிந்து வாடும்…
तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक संदीप राय राठौर भी जांच की समीक्षा के लिए कोयंबटूर पहुंचे हैं। परिवार के रिश्तेदार सेंथिल कुमार ने बताया कि पहले उन्हें बच्ची के लापता होने की जानकारी मिली थी, बाद में उसका शव झील किनारे मिला। घटना के बाद छात्रों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध किया।
राजनीतिक मुद्दा बना मामला
इस घटना के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी पार्टी DMK ने नई TVK सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। DMK नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि सरकार बनने के 12 दिनों के अंदर ही राज्य में 30 से ज्यादा बड़ी आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें यौन हिंसा, गांजा तस्करी, गुंडागर्दी और बच्ची की हत्या जैसे मामले शामिल हैं।
सरकार ने दिया कार्रवाई का भरोसा
गौरतलब है कि तमिलनाडु के मंत्री एमएस संपत ने अस्पताल जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से बात हुई है और जांच जारी है। आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। सुलूर से TVK विधायक एनएम सुकुमार ने भी परिवार को न्याय का भरोसा दिया।
BJP नेता नारायणन तिरुपति ने घटना को दुखद बताया, लेकिन पिछली DMK सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की खराब स्थिति पिछली सरकार की देन है और हालात तुरंत नहीं बदलते।


