Gemini में आया 'Notebooks' फीचर, अब पढ़ाई और काम होगा पहले से ज्यादा स्मार्ट
Google ने Gemini ऐप में 'Notebooks' फीचर लॉन्च किया है, जो यूजर्स के काम और पढ़ाई को पहले से ज्यादा आसान और स्मार्ट बना सकता है. इस AI फीचर के जरिए अब सभी दस्तावेज एक ही जगह पर मैनेज और एनालाइज किए जा सकेंगे.

जैमिनी न्यू फीचर: अगर आप अपने काम के दस्तावेजो और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री को संभालने में परेशानी महसूस करते हैं, तो Google का नया फीचर आपकी इस समस्या को आसान बना सकता है. कंपनी ने अपने Gemini ऐप और वेब प्लेटफॉर्म में 'Notebooks' नाम का नया फीचर पेश किया है, जो यूजर्स के काम करने और सीखने के तरीके को बदलने की क्षमता रखता है.
यह फीचर Google के AI आधारित प्लेटफॉर्म NotebookLM पर आधारित है, जिसे पहली बार जुलाई 2023 में पेश किया गया था. अब कंपनी ने इस तकनीक को सीधे Gemini ऐप में शामिल कर दिया है, जिससे यूजर्स को एक ही जगह पर ज्यादा स्मार्ट और व्यवस्थित अनुभव मिलेगा.
क्या है NotebookLM और कैसे करता है काम?
NotebookLM एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित रिसर्च और नोट-टेकिंग प्लेटफॉर्म है. यह यूजर्स द्वारा अपलोड किए गए दस्तावेज़ों को स्टोर और एनालाइज करता है. इसमें Google Docs, PDF, YouTube वीडियो, वेबलिंक और अन्य फाइल्स शामिल हो सकती हैं.
यह प्लेटफॉर्म इन सभी डेटा के आधार पर यूजर्स के सवालों का जवाब देता है और जरूरी जानकारी को समझने में मदद करता है. पहले यह एक अलग प्लेटफॉर्म के रूप में काम करता था, लेकिन अब इसे Gemini में ‘Notebooks’ फीचर के रूप में जोड़ा गया है.
Gemini Notebooks फीचर से क्या-क्या कर सकते हैं?
Gemini के नए Notebooks फीचर के जरिए यूजर्स अपने सभी जरूरी दस्तावेज एक ही जगह पर व्यवस्थित कर सकते हैं. इसमें डॉक्यूमेंट्स, पीडीएफ, वीडियो और वेब लिंक को एक ही फोल्डर में रखा जा सकता है.
इस फीचर की मदद से:
- किसी खास विषय पर रिसर्च किया जा सकता है
- अपलोड की गई सामग्री का सारांश प्राप्त किया जा सकता है
- डेटा के आधार पर सवालों के जवाब मिल सकते हैं
सरल शब्दों में कहें तो यह एक डिजिटल नोटबुक की तरह है, लेकिन ज्यादा स्मार्ट और इंटरएक्टिव है.
कैसे करें इस्तेमाल?
यूजर्स Gemini ऐप के साइड पैनल में इस फीचर को आसानी से एक्सेस कर सकते हैं. यहां वे नया नोटबुक बना सकते हैं और अलग-अलग स्रोतों से फाइलें, फोल्डर और लिंक जोड़ सकते हैं.
Google के अनुसार, यूजर्स कस्टम निर्देश भी दे सकते हैं ताकि Gemini ज्यादा सटीक और उपयोगी जानकारी दे सके. कंपनी ने कहा, "एक बार जब आपके चुने हुए स्रोत एक नोटबुक में व्यवस्थित हो जाते हैं, तो जेमिनी उनका उपयोग अपने शक्तिशाली टूल और वेब सर्च के साथ मिलकर विशिष्ट रूप से उपयोगी उत्तर प्रदान करने के लिए करता है."
NotebookLM और Gemini के बीच सिंक सुविधा
Google ने यह भी बताया कि Notebooks फीचर NotebookLM और Gemini दोनों प्लेटफॉर्म पर सिंक होगा. यानी अगर आपने एक प्लेटफॉर्म पर नोटबुक बनाई है, तो वह दूसरे प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध रहेगी.
इसके अलावा, वीडियो ओवरव्यू और इन्फोग्राफिक्स जैसे फीचर्स भी NotebookLM में मिलेंगे, भले ही नोटबुक Gemini ऐप में बनाई गई हो.
कब और किसे मिलेगा यह फीचर?
Google ने इस फीचर को इस सप्ताह रोलआउट करना शुरू कर दिया है. फिलहाल यह वेब पर Google AI Ultra, Pro और Plus सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है. आने वाले समय में इसे मोबाइल ऐप और अन्य देशों में फ्री यूजर्स के लिए भी जारी किया जाएगा.
भारत में Google AI Plus सब्सक्रिप्शन की कीमत ₹199 प्रति माह है, जबकि Pro और Ultra प्लान क्रमशः ₹1950 और ₹24,500 प्रति माह में उपलब्ध हैं.


