अब मैसेज पढ़ने के 15 मिनट बाद ही हो जाएंगे गायब, WhatsApp ला रहा है ‘After Reading’ फीचर
WhatsApp जल्द ‘After Reading’ फीचर ला सकता है, जिसमें मैसेज पढ़ने के बाद 15 मिनट में खुद डिलीट हो जाएगा. यह फीचर खासतौर पर निजी जानकारी जैसे OTP और पासवर्ड को सुरक्षित रखने में मदद करेगा.

WhatsApp अपने यूजर्स के लिए लगातार नए और काम के फीचर्स लाता रहता है. अब एक ऐसा नया फीचर सामने आया है, जो आपकी चैट को पहले से ज्यादा सुरक्षित बना सकता है. जल्द ही ऐसा हो सकता है कि जैसे ही सामने वाला आपका मैसेज पढ़े, वह अपने आप गायब हो जाए. यह फीचर खास तौर पर प्राइवेसी को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp एक नए फीचर पर काम कर रहा है, जिसे ‘After Reading’ नाम दिया गया है. इस फीचर की जानकारी WhatsApp अपडेट्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo ने दी है. इस फीचर का मकसद यूजर्स को उनकी चैट पर ज्यादा कंट्रोल देना है. जब यह फीचर चालू होगा, तो भेजा गया मैसेज पढ़े जाने के बाद खुद ही हट जाएगा.
कैसे काम करेगा यह फीचर
इस फीचर का काम करने का तरीका काफी आसान है. जैसे ही रिसीवर मैसेज खोलेगा, एक टाइमर शुरू हो जाएगा. बताया जा रहा है कि मैसेज खुलने के बाद 15 मिनट का काउंटडाउन चलेगा. इस समय के पूरा होते ही मैसेज भेजने वाले और पाने वाले दोनों की चैट से अपने आप डिलीट हो जाएगा. अगर सामने वाला मैसेज नहीं खोलता है, तो वह 24 घंटे तक चैट में रहेगा. इसके बाद वह अपने आप गायब हो जाएगा.
यह फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है, जो संवेदनशील जानकारी शेयर करते हैं. जैसे OTP, पासवर्ड, एड्रेस या वेरिफिकेशन कोड. अभी तक ऐसे मैसेज चैट में तब तक बने रहते हैं, जब तक उन्हें खुद से डिलीट न किया जाए. लेकिन इस नए फीचर के आने से ऐसी जानकारी अपने आप हट जाएगी, जिससे डेटा लीक का खतरा कम होगा.
रीड रिसीट बंद होने पर भी करेगा काम
एक खास बात यह है कि यह फीचर तब भी काम करेगा, जब यूजर ने रीड रिसीट यानी ब्लू टिक बंद कर रखा हो. यानी सामने वाला मैसेज पढ़ ले, तब भी सिस्टम उसे पहचानकर तय समय के बाद मैसेज हटा देगा. यह फीचर मौजूदा ‘Disappearing Messages’ से अलग है, जिसमें 24 घंटे, 7 दिन या 90 दिन का विकल्प मिलता है. नया फीचर इनसे कहीं ज्यादा तेज और सुरक्षित माना जा रहा है.
अभी टेस्टिंग में है फीचर
यह नया फीचर फिलहाल Android के एक बीटा वर्जन (2.26.12.2) में देखा गया है, लेकिन अभी यह आम यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है. कंपनी इसे अभी विकसित कर रही है और टेस्टिंग के बाद ही इसे लॉन्च किया जाएगा. फिलहाल WhatsApp की ओर से इस फीचर की लॉन्च डेट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले समय में इसे धीरे-धीरे यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है.


