IPL में हुआ कॉमेडी शो! रन आउट मिस होते ही विराट कोहली का रिएक्शन देख हंस-हंसकर लोटपोट हुए फैंस
आईपीएल 2026 में विराट कोहली को ऐसा जीवनदान मिला जिसने मैच का पूरा रोमांच बढ़ा दिया. आसान रन आउट का मौका गंवाने के बाद वॉशिंगटन सुंदर की गलती टीम पर भारी पड़ गई और ओवरथ्रो में विरोधी टीम को बोनस के 5 रन मिल गए.

नई दिल्ली: धर्मशाला में खेले गए आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 मुकाबले के दौरान एक ऐसा मजेदार पल देखने को मिला, जिसने खिलाड़ियों से लेकर फैंस तक सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया. विराट कोहली एक समय रन आउट होने के बेहद करीब थे, लेकिन अगले ही पल पूरा खेल पलट गया और गुजरात टाइटंस को विकेट की जगह 5 रन का नुकसान उठाना पड़ा. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटन्स के बीच खेले जा रहे इस मुकाबले में विराट कोहली को मिला यह जीवनदान सोशल मीडिया पर भी चर्चा का बड़ा विषय बन गया. इस खेल की खास बात यह रही कि बचने के बाद कोहली का रिएक्शन देखकर मैदान पर मौजूद खिलाड़ी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए.
5वें ओवर में अचानक बदल गया पूरा खेल
यह घटना पारी के 5वें ओवर में हुई, जब विराट कोहली तेजी से रन लेने के लिए दौड़े. हालांकि रन लेते वक्त उनकी टाइमिंग थोड़ी बिगड़ गई और ऐसा लगने लगा कि वह आसानी से रन आउट हो जाएंगे. तभी कवर पर खड़े वॉशिंगटन सुंदर के पास गेंद पहुंची. सुंदर ने तेजी से स्टंप पर थ्रो फेंका, लेकिन गेंद विकेट से काफी दूर निकल गई. इतना ही नहीं, ओवरथ्रो के कारण गेंद सीधे बाउंड्री तक पहुंच गई. जिस जगह गुजरात टाइटंस को विकेट मिलने की उम्मीद थी, वहां टीम को उल्टा 5 रन गंवाने पड़े.
विराट का थैंक्यू मोमेंट हुआ वायरल
असली मजेदार नजारा इसके बाद देखने को मिला. जैसे ही विराट कोहली को समझ आया कि वह रन आउट होने से बच गए हैं और टीम को बोनस रन भी मिल गए हैं, उन्होंने पीछे मुड़कर वॉशिंगटन सुंदर की तरफ देखा. इसके बाद कोहली ने बड़े ही मजाकिया अंदाज में थंब्स अप दिखाते हुए थैंक्यू कहा. कोहली का यह रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. एक तरफ वॉशिंगटन सुंदर अपनी गलती से निराश नजर आए, वहीं दूसरी ओर विराट के चेहरे पर राहत और हल्की शरारत साफ दिखाई दी.
Virat Kohli thanking Washington Sundar for the overthrows. 😂
— Kuldeep (@Kuldeep2250) May 26, 2026
Virat Kohli Funny Mood Against GT ❤️😍 pic.twitter.com/Y5r3axkKfP
सोशल मीडिया पर आए मजेदार रिएक्शन
वीडियो वायरल होते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर जमकर मजे लेने शुरू कर दिए. किसी यूजर ने लिखा, ऐसा दोस्त सबको मिले जो आउट करने के बजाय 5 रन गिफ्ट कर दे. वहीं एक अन्य यूजर ने मजाक में कहा, कोहली बोले. भाई अगली बार 10 रन देना. मैच का यह छोटा सा पल फैंस के लिए सबसे मनोरंजक लम्हों में शामिल हो गया और इंटरनेट पर तेजी से वायरल होने लगा.


