चीन में बच्चों के यूरिन में उबले अंडों वाली कॉफी क्यों पी रहे लोग? सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
चीन के एक कैफे में बच्चों के पेशाब में उबले अंडों से बनी कॉफी परोसी जा रही थी. सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ने के बाद इसे मेन्यू से हटा दिया गया, जबकि डॉक्टरों ने इसे असुरक्षित बताया.

दुनियाभर में अलग-अलग तरह के खाने-पीने के प्रयोग देखने को मिलते हैं, लेकिन चीन के एक कैफे की नई डिश ने लोगों को हैरान कर दिया है. यहां ऐसी कॉफी परोसी जा रही थी, जिसमें इस्तेमाल किए गए अंडे बच्चों के पेशाब में उबालकर तैयार किए जाते थे. जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी बहस शुरू हो गई और लोगों ने इसकी जमकर आलोचना की. रिपोर्ट के अनुसार, चीन के झेजियांग प्रांत के एक कैफे में यह अनोखी कॉफी बेची जा रही थी. इसकी कीमत करीब 28 युआन यानी लगभग 300 से 350 रुपये थी.
इस कॉफी को बनाने का तरीका काफी अलग और चौंकाने वाला था. इसमें इस्तेमाल किए जाने वाले अंडों को पहले 10 साल से कम उम्र के बच्चों के पेशाब में भिगोया जाता था, फिर उसी में उबालकर तैयार किया जाता था. बाद में इन अंडों को रोस्ट कर कॉफी के ऊपर डाला जाता था. बताया गया कि वीकेंड पर इस कैफे में इस तरह की कॉफी के 100 से ज्यादा कप बिक रहे थे, जिससे इसकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
परंपरा से जुड़ी मान्यता
यह तरीका पूरी तरह नया नहीं है, बल्कि चीन के डोंगयांग इलाके की एक पुरानी परंपरा से जुड़ा हुआ बताया जाता है. वहां 'यूरिन एग्स' को पारंपरिक स्नैक के रूप में जाना जाता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे अंडे खाने से शरीर को ठंडक मिलती है, गर्मी से राहत मिलती है और ऊर्जा भी बढ़ती है. इसी वजह से कुछ लोग इसे सेहत के लिए फायदेमंद मानते हैं.
डॉक्टरों ने जताई चिंता
हालांकि, चिकित्सा विशेषज्ञ इस दावे से सहमत नहीं हैं. डॉक्टरों का कहना है कि पेशाब शरीर का एक अपशिष्ट पदार्थ होता है, जिसमें पोषण नहीं होता. एक किडनी विशेषज्ञ ने साफ कहा कि इस तरह के खाद्य पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है. इसके अलावा साफ-सफाई और हाइजीन को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
जैसे ही इस कॉफी की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लोगों ने इसे लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने इस तरह के प्रयोग को असुरक्षित और अस्वास्थ्यकर बताया. कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि क्या इस तरह की चीजों में साफ-सफाई का ध्यान रखा जाता है. वहीं, कुछ ने इसे बेहद अजीब और डरावना बताया. लगातार बढ़ती आलोचना और विवाद के बाद संबंधित कैफे ने इस कॉफी को अपने मेन्यू से हटा दिया है.


