1000 लीटर की टंकी में भरवाया डीजल... वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल, लोगों ने पूछा- क्या ये कानूनी है?

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें एक व्यक्ति पानी की टंकी में डीजल भरवाता दिख रहा है. इससे लोगों में ईंधन की कीमतों और भंडारण को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.

Shraddha Mishra

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों की चिंता भी बढ़ती दिख रही है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने कई लोगों को हैरान कर दिया. वीडियो में एक व्यक्ति पानी की बड़ी टंकी में डीजल भरवाता नजर आ रहा है. यह दृश्य देखकर लोग सवाल पूछने लगे कि आखिर कोई पानी की टंकी में डीजल क्यों भरवा रहा है. इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और कई लोग इसे आने वाले समय में ईंधन की कीमतों से जोड़कर देख रहे हैं. 

दरअसल, मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार क्रूड ऑयल की कीमत करीब 80 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है. साथ ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में संभावित अशांति की आशंका भी जताई जा रही है. यही कारण है कि कई लोगों को लगने लगा है कि आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ सकते हैं. इसी डर के कारण कुछ जगहों पर लोग पहले से ईंधन जमा करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं.

पानी की टंकी में डीजल भराने का वायरल वीडियो

इंटरनेट पर वायरल हो रहा ये वीडियो पंजाब का बताया जा रहा है. इस वीडियो में एक व्यक्ति पानी की बड़ी टंकी में डीजल भरवाता दिख रहा है. जानकारी के मुताबिक यह टंकी लगभग 1000 लीटर की बताई जा रही है. लेकिन करीब 770 लीटर डीजल भरने के बाद ही टंकी पूरी भरती हुई दिखाई देती है.

बताया जा रहा है कि लगभग 762 लीटर डीजल भरने तक करीब 66,900 रुपये खर्च हो चुके थे. इसी आधार पर अनुमान लगाया गया कि अगर टंकी को पूरी तरह भरा जाए तो इसकी लागत लगभग 87,500 रुपये तक पहुंच सकती है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं.

सोशल मीडिया पर उठे सवाल

वायरल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने कई सवाल उठाए हैं. कुछ यूजर्स ने चिंता जताई कि अगर लोग बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल जमा करने लगें तो इससे गंभीर हादसों का खतरा बढ़ सकता है. एक यूजर ने पोस्ट करते हुए पूछा कि क्या किसी व्यक्ति के लिए पेट्रोल पंप से हजारों लीटर ईंधन भरवाना कानूनी है. लोगों का कहना है कि अगर ऐसे मामलों पर ध्यान नहीं दिया गया तो सुरक्षा के लिहाज से यह बड़ा खतरा बन सकता है.

भारत में पेट्रोल-डीजल स्टोर करने के नियम

भारत में पेट्रोल और डीजल को बड़ी मात्रा में घर या निजी जगह पर रखना आसान नहीं है. इसके लिए सरकार की ओर से कुछ नियम बनाए गए हैं. बिना लाइसेंस कोई भी व्यक्ति सीमित मात्रा में ही पेट्रोल या डीजल रख सकता है. सामान्य तौर पर बिना लाइसेंस अधिकतम 30 लीटर तक ईंधन रखने की अनुमति होती है. यह ईंधन भी सुरक्षित कंटेनर में ही रखा जाना चाहिए. 

यदि इससे अधिक मात्रा में पेट्रोल या डीजल रखना हो तो इसके लिए लाइसेंस लेना जरूरी है. नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना और जेल दोनों का प्रावधान है. इन नियमों का मकसद सुरक्षा सुनिश्चित करना है, क्योंकि बड़ी मात्रा में ईंधन जमा करना आग या दुर्घटना का खतरा बढ़ा सकता है.

भारत के पास कितना ईंधन भंडार है

ईंधन को लेकर फैली अफवाहों के बीच एक अहम सवाल यह भी है कि भारत के पास अभी कितना तेल भंडार मौजूद है. रिपोर्ट्स के अनुसार देश के पास फिलहाल करीब 18 दिन का कच्चा तेल, लगभग 21 दिन का पेट्रोल-डीजल और करीब 12 दिन की गैस का स्टॉक मौजूद है. इसके अलावा रूस से आने वाले तेल टैंकर भी भारत की ओर भेजे जा रहे हैं. ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल भारत में ईंधन की कमी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag