होली पर नशे में धूत लोगों ने गाय को पिलाई शराब, वीडियो में देखें बेजुबान के साथ कैसे हुई क्रूरता
होली के जश्न के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नशे में धुत लोग गाय के साथ क्रूरता करते दिख रहे हैं. यह वीडियो हरयाणा का बताया जा रहा है.

नई दिल्ली: होली का त्योहार रंगों, खुशियों और भाईचारे का प्रतीक है. पूरे देश में लोग ढोल-नगाड़ों पर नाचते हैं, एक-दूसरे पर गुलाल मलते हैं और ठंडाई, गुजिया जैसी मिठाइयों का मजा लेते हैं.
यह बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है, जो प्यार और सद्भावना का संदेश देता है, लेकिन इस साल होली के जश्न के बीच हरियाणा से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों का दिल दहला दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ नशे में धुत लोग एक गाय के साथ क्रूरता करते दिख रहे हैं.
शराब पिलाते दिखे लोग
वीडियो में कुछ लोग बैलगाड़ी पर बैठे हैं और गाय को जबरदस्ती गाड़ी खींचने के लिए मजबूर कर रहे है. सबसे ज्यादा दुखद हिस्सा वह है जहां दो व्यक्ति गाय का मुंह जबरन खोलकर उसे शराब पिलाते दिख रहे है.
आसपास खड़े लोग इसे तमाशा की तरह देख रहे हैं और कुछ हंसते-खेलते नजर आ रहे है. यह घटना होली के रंगों से सने चेहरों के बीच हुई बताई जा रही है. वीडियो में लोग नशे में धुत दिखाई दे रहे और गाय बेचारी परेशान दिख रही है.
सोशल मीडिया पर भारी गुस्सा
सोशल मीडिया पर लोग इसे देखकर बहुत गुस्से में हैं. कई यूजर्स ने इसे पशु क्रूरता बताया है और हरियाणा पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की है. कुछ ने लिखा कि होली का जश्न मनाने के नाम पर जानवरों के साथ ऐसा व्यवहार कब तक चलेगा.
जानवरों के अधिकारों की रक्षा करने वाले संगठन भी इसकी निंदा कर रहे हैं. हालांकि, अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से इस घटना की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. न ही किसी की गिरफ्तारी की खबर है.
पशु क्रूरता पर क्या कहता है कानून
भारत में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत जानवरों के साथ अमानवीय व्यवहार करना अपराध है. शराब पिलाना या जबरन काम करवाना इस कानून के तहत दंडनीय है. ऐसे मामलों में जुर्माना और जेल दोनों हो सकती है.
कई लोग कह रहे हैं कि गाय को हिंदू धर्म में माता माना जाता है, फिर भी उसके साथ ऐसा व्यवहार होना बहुत शर्मनाक है. यह घटना दिखाती है कि नशे में लोग कितना नीचे गिर सकते हैं.
होली का सही मतलब याद रखें
होली खुशी और मिलन का त्योहार है, लेकिन इसका मतलब कभी भी किसी की हानि नहीं करना. जानवरों का सम्मान करना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है. उम्मीद है कि इस वीडियो के बाद पुलिस जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.


