शादी का प्रपोजल बना वायरल मिशन, जाम में फंसे युवक ने लगाया ऐसा बैनर... सबने दे दिया रास्ता

चीन में 26 वर्षीय टैन ने अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज करने के लिए जियांग्शी से गुइझोऊ तक 932 किलोमीटर की ड्राइव की. ट्रैफिक जाम से बचने के लिए उन्होंने कार पर बैनर लगाकर लिखा,‘भाइयों, मुझे पहले जाने दो. मैं अपनी गर्लफ्रेंड को मैरिज प्रपोजल देने के लिए गुइझोऊ जा रहा हूं’. यह अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: चीन में एक युवक ने अपनी प्रेम कहानी को यादगार बनाने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया. शादी का प्रस्ताव लेकर वह 900 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करने निकला और रास्ते में ट्रैफिक जाम से बचने के लिए जो तरीका अपनाया, उसने लोगों का दिल जीत लिया.

भीड़भाड़ वाले हाईवे पर फंसे इस युवक ने अपनी कार की पिछली खिड़की पर एक लाल बैनर लगा दिया और अन्य ड्राइवरों से भावनात्मक अपील करते हुए रास्ता देने का अनुरोध किया. यह दृश्य देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया और हजारों लोगों ने इसे साझा किया.

कार पर लगाया भावनात्मक संदेश वाला बैनर

ऑनलाइन शेयर किए गए वीडियो में कार के पीछे एक लाल बैनर साफ नजर आता है, जिस पर लिखा था,'भाइयों, मुझे पहले जाने दो. मैं अपनी गर्लफ्रेंड को मैरिज प्रपोजल देने के लिए गुइझोऊ जा रहा हूं'

26 वर्षीय टैन मध्य चीन के जियांग्शी प्रांत के निवासी हैं और दक्षिण-पूर्वी चीन के फुजियान प्रांत में अपना व्यवसाय चलाते हैं. उन्होंने Jiangxi TV को बताया कि उनकी प्रेमिका चीनी नव वर्ष मनाने के लिए दक्षिण-पश्चिमी चीन के गुइझोऊ स्थित अपने गृह नगर गई हुई थीं.

कॉलेज की दोस्ती से शुरू हुई प्रेम कहानी

South China Morning Post की रिपोर्ट के अनुसार, टैन और उनकी गर्लफ्रेंड की मुलाकात कॉलेज में हुई थी और दोनों पिछले चार वर्षों से रिश्ते में हैं. टैन ने बताया कि बैनर लगाने का मकसद केवल ट्रैफिक में रास्ता बनाना ही नहीं था, बल्कि अपनी खुशी को अन्य ड्राइवरों के साथ साझा करना भी था.

उन्होंने कहा कि उनकी प्रेमिका को इस सरप्राइज प्रपोजल की कोई जानकारी नहीं थी. जब वह गुइझोऊ पहुंचे और उन्हें अचानक सामने पाया, तो वह हैरान रह गईं.

12 घंटे में तय किए 932 किलोमीटर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, टैन ने जियांग्शी से गुइझोऊ तक 932 किलोमीटर का सफर अकेले ड्राइव करते हुए लगभग साढ़े 12 घंटे में पूरा किया. वहां पहुंचकर उन्होंने अपनी प्रेमिका को प्रपोज किया, जिसे उसने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया. इसके बाद 26 फरवरी को दोनों साथ में जियांग्शी लौट आए.

टैन ने बताया कि बैनर पढ़कर कई ड्राइवरों ने स्वेच्छा से उन्हें रास्ता दिया. कुछ ने हॉर्न बजाकर शुभकामनाएं दीं, जबकि लंबा जाम लगने पर एक ड्राइवर तो अपनी कार से उतरकर उन्हें बधाई देने के लिए खड़ा हो गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag