असम राजनीति में घमासान: हिमंता सरमा और पवन खेड़ा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज, पुलिस कार्रवाई से बढ़ा विवाद
असम में चुनाव से ठीक पहले सियासी घमासान तेज हो गया है. पवन खेड़ा के आरोपों और हिमंता बिस्वा सरमा के कड़े जवाब के बीच मामला अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है, जिससे राजनीतिक माहौल और गरमा गया है.

नई दिल्ली: असम में चुनावी माहौल के बीच सियासी बयानबाजी ने नया मोड़ ले लिया है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उनके परिवार पर लगाए गए आरोपों के बाद राजनीतिक टकराव और तीखा हो गया है. इस पूरे मामले ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.
विवाद उस समय और बढ़ गया जब असम पुलिस की एक टीम पूछताछ के लिए खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पहुंची, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं मिले. इसके बाद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस उन्हें ढूंढ निकालेगी, चाहे वे कहीं भी छिपे हों.
सरमा का तीखा बयान
हिमंता बिस्वा सरमा ने सख्त लहजे में कहा,"क्या आप असम पुलिस को नहीं जानते? पाताल से भी खोद के ले आएगी . पवन खेड़ा कहाँ छिपा है? यह असम की धरती है. वह खुद को क्या समझता है? पाताल में भी चुप गया तो हम उठाकर ले आएंगे,"
खेड़ा के आरोपों से शुरू हुआ विवाद
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुयान सरमा के पास कई पासपोर्ट हैं और विदेशों में संपत्तियां हैं, जिनका जिक्र चुनावी शपथ पत्र में नहीं किया गया.
सरमा का पलटवार: ‘पाकिस्तानी सोशल मीडिया से ली गई जानकारी’
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सरमा ने कहा कि उनके खिलाफ इस्तेमाल किए जा रहे दस्तावेज "पाकिस्तानी सोशल मीडिया" से लिए गए हैं और ये पूरी तरह से "झूठे" और "दुर्भावनापूर्ण" हैं. उन्होंने इसे असम चुनावों को प्रभावित करने की साजिश बताया.
पुलिस पहुंची आवास, लेकिन खेड़ा नहीं मिले
असम पुलिस की टीम जब खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पहुंची, तब वह वहां मौजूद नहीं थे. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि खेड़ा पहले गिरफ्तारी की चुनौती दे रहे थे, लेकिन अब पुलिस के पहुंचने पर वहां से चले गए.
उन्होंने कहा,"मुझे नहीं पता कि वे क्यों गए थे, क्योंकि वह कल ही भाग गया था. कल तक खेड़ा कह रहा था, 'मुझे गिरफ्तार करो', और अब जब पुलिस उसके घर पहुंची, तो वह भाग गया."
तलाशी में जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
असम पुलिस के डीसीपी देबोजित नाथ ने बताया कि खेड़ा के घर की तलाशी ली गई और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ "आपत्तिजनक सामग्री" बरामद हुई है, लेकिन फिलहाल इसके बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा सकती.
पुलिस का दावा: जल्द ढूंढ निकाला जाएगा
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पवन खेड़ा फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन उन्हें जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा. मामले की जांच जारी है.
चुनावी माहौल में बढ़ी सियासी गर्मी
असम में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह विवाद और ज्यादा तूल पकड़ता जा रहा है. खेड़ा के आरोपों और सरमा के पलटवार ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है.
असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को तय है.

