हिमंता बिस्वा सरमा ने दूसरी बार ली असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ, चार विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ
हिमंत बिस्वा सरमा ने दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया है. वह राज्य में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे.

गुवाहाटी: हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में नया इतिहास रच दिया. वह असम में लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं. गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
चार विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ
हिमंता बिस्वा सरमा के साथ एनडीए गठबंधन के चार विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली. इनमें भाजपा की अजंता नियोग और रामेश्वर तेली शामिल हैं.
वहीं सहयोगी दलों की ओर से असम गण परिषद (एजीपी) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चंदन ब्रह्माने भी मंत्री पद की शपथ ली.
एनडीए सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल
असम में भाजपा, एजीपी और बीपीएफ के गठबंधन वाली एनडीए सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटी है. इस जीत को राज्य में भाजपा की मजबूत पकड़ और हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व पर जनता के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है.


