‘मैं अब उम्मीदवार नहीं...’,असम चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका: उदलगुड़ी उम्मीदवार सुरेन दैमरी ने छोड़ी पार्टी

उदलगुरी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुरेन दायमारी ने बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने न सिर्फ नामांकन वापस ले लिया, बल्कि पार्टी से इस्तीफा भी दे दिया. मीडिया के सामने उन्होंने साफ कहा कि 'मैं कांग्रेस छोड़ रहा हूं. टिकट तो मैंने मांगा ही नहीं था'

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

असम: विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू होते ही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. उदलगुरी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुरेन दायमारी ने वोटिंग से महज कुछ घंटे पहले पार्टी से इस्तीफा दे दिया और अपना नामांकन भी वापस ले लिया. यह घटना कांग्रेस के लिए काफी शर्मनाक मानी जा रही है क्योंकि नाम वापसी की आखिरी तारीख निकल चुकी थी. अब ईवीएम में उनका नाम बना रहेगा और मतदाता उन्हें वोट दे सकेंगे. इस घटना से कांग्रेस की किरकिरी हो रही है और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के दावे पर भी सवाल उठ रहे हैं.

कांग्रेस उम्मीदवार ने वोटिंग से पहले दिया झटका

73 वर्षीय सुरेन दायमारी ने मीडिया के सामने खुलकर कहा कि उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है और उम्मीदवारी भी वापस ले रहे हैं. एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी ने बताया कि नाम वापसी की अंतिम तिथि बीत चुकी होने के कारण उनका नाम ईवीएम से हटाया नहीं जा सकता. ऐसे में मतदाता अब भी उन्हें वोट कर सकेंगे.

सुरेन दायमारी का कांग्रेस पर गंभीर आरोप

सुरेन दायमारी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा, 'कांग्रेस में रहने का कोई फायदा नहीं है. उसने मेरे साथ विश्वासघात किया है. कांग्रेस सिर्फ मियाओं के लिए काम करती है. लेकिन इस पार्टी ने कभी मेरे जैसे जनजातीय लोगों को अधिकार नहीं दिए. उनके लिए कुछ नहीं किया.'

उन्होंने आगे कहा, 'कांग्रेस ने मुझे उदलगुरी सीट से चुनाव में तो उतार दिया, लेकिन प्रचार में कोई सपोर्ट नहीं किया. मैंने पार्टी लीडर से कई बार मांग की कि मेरे यहां प्रचार करने आएं. लेकिन उन लोगों ने मेरा कॉल ही रिसीव नहीं किया. मुझे इस बात से दुख हुआ क्योंकि मेरी किसी ने मदद नहीं की. जिला कांग्रेस कमेटी ने भी साथ नहीं दिया.'

कौन हैं सुरेन दायमारी?

सुरेन दायमारी पूर्व सरकारी कर्मचारी हैं. उन्होंने इसी साल जनवरी में कांग्रेस पार्टी जॉइन की थी. उन्होंने कहा कि उदलगुरी सीट पर कांग्रेस सालों से कमजोर है. इसके बावजूद उन्होंने पार्टी को मजबूत करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें कोई समर्थन नहीं मिला. दायमारी ने कहा, 'मैंने तो टिकट मांगा ही नहीं था. फिर भी पार्टी ने मेरा कभी साथ नहीं दिया. इसलिए मैं पार्टी छोड़ रहा हूं और उम्मीदवार भी नहीं रहूंगा.'

कांग्रेस का बयान

कांग्रेस प्रवक्ता ने इस मामले पर कहा कि सुरेन दायमारी ने मीडिया के सामने ही इस्तीफे और नाम वापसी का ऐलान किया है. पार्टी को अभी तक लिखित इस्तीफा नहीं मिला है.

राजनीतिक हलचल

उदलगुरी सीट पर भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही है. यहां कांग्रेस की मुख्य टक्कर बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट और यूनाइटेड पीपल्स पार्टी से है. इस बीच सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के उस बयान की भी चर्चा हो रही है जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के आधे उम्मीदवार तो वह खुद तय करेंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो