कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट पर आज रिपोल यानी दोबारा मतदान चल रहा है. सुबह 7 बजे शुरू हुए मतदान में दोपहर 11 बजे तक लगभग 43% मतदाताओं ने वोट डाले हैं. चुनाव आयोग के निर्देश पर हुई इस वोटिंग में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और अब तक किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है.
चुनाव आयोग ने फाल्टा सीट पर सभी 285 polling booths पर दोबारा मतदान का आदेश दिया था. मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा. कुल मतदाता करीब 2.36 लाख हैं, जिसमें 1,21,300 पुरुष, 1,15,135 महिला और 9 थर्ड जेंडर हैं, जो अपने वोट का इस्तेमाल कर रहे हैं. चुनाव आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था को दोगुना कर दिया है.
हर पोलिंग बूथ पर अब 8 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान तैनात हैं. इसके अलावा 35 कंपनियां केंद्रीय बल और 30 क्विक रिस्पॉन्स टीमें भी तैयार रखी गई हैं.
29 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान के दौरान फाल्टा सीट पर बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और EVM छेड़छाड़ के आरोप लगे थे. चुनाव आयोग ने CCTV फुटेज की जांच के बाद पूरे चुनाव को रद्द कर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया. वोटों की गिनती 24 मई को होगी.
रिपोल से एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया. इस सीट पर अब मुख्य मुकाबला BJP उम्मीदवार देवांगशु पांडा के बीच है.
रिपोल से ठीक पहले भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने फाल्टा में रोड शो निकाला. उन्होंने 2021 के बाद पोस्ट-पोल हिंसा से प्रभावित भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का वादा किया. भाजपा उम्मीदवार देवांगशु पांडा ने भरोसा जताया कि इस बार उनकी पार्टी भारी मतों से जीत हासिल करेगी.
चुनाव आयोग के अधिकारी के मुताबिक, दोपहर 11 बजे तक 43% मतदान दर्ज किया गया. मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है. सुरक्षा बलों की भारी मौजूदगी के कारण आम लोगों में भी भरोसा बढ़ा है.
यह रिपोल पश्चिम बंगाल की राजनीति के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि फाल्टा सीट पर पिछले चुनाव में हुए विवादों के बाद चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाया है. First Updated : Thursday, 21 May 2026