'भयकाल जाएगा, सेवाकाल आएगा', बंगाल रैली में पीएम मोदी का बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल के विष्णुपुर में रैली के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने टीएमसी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि "बंगाल से भयकाल जाएगा, सेवाकाल आएगा" और सिंडिकेट पर “परमानेंट सर्जरी” की बात कही.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) जहां लगातार रैलियों के जरिए माहौल बना रही है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विष्णुपुर में आयोजित जनसभा से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर जोरदार हमला बोला.

रविवार (19 अप्रैल) को आयोजित इस रैली में पीएम मोदी ने ममता बनर्जी सरकार को कई मुद्दों पर घेरा. उन्होंने टीएमसी को आदिवासी विरोधी करार देते हुए कहा कि पार्टी नहीं चाहती थी कि कोई आदिवासी महिला देश की राष्ट्रपति बने और आरोप लगाया कि राज्य सरकार आदिवासियों के प्रति संवेदनशील नहीं है.

'बंगाल परिवर्तन के लिए तैयार'

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल नव वर्ष के बाद उनकी यह पहली सभा है और जहां भी वह जा रहे हैं, वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार बदलाव का मन बना चुकी है और राज्य में परिवर्तन तय है.

घुसपैठ और कानून व्यवस्था पर निशाना

टीएमसी पर आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी घुसपैठियों के लिए हर कानून तोड़ने को तैयार रहती है और उनकी ही सुनती है. उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार के कारण महिलाओं और बेटियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

पीएम ने कहा कि टीएमसी के ‘जंगलराज’ को अब राज्य की बेटियां चुनौती दे रही हैं और उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार वोट के जरिए इसे सजा दें.

महिला आरक्षण को लेकर आरोप

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में महिला आरक्षण के मुद्दे को भी उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने कांग्रेस के साथ मिलकर महिला आरक्षण बिल को पास नहीं होने दिया.

उन्होंने कहा, "बंगाल की महिलाएं 33% आरक्षण चाहती थीं. मोदी ने इसे सुनिश्चित किया. बंगाल की महिलाएं चाहती थीं कि यह 2029 से लागू हो. मोदी ने इसके लिए प्रयास भी किए, लेकिन टीएमसी नहीं चाहती थी कि बंगाल की और बेटियां विधायक और सांसद बनें, क्योंकि बंगाल की बेटियां उनके 'महाजंगल राज' को चुनौती दे रही थीं. इसलिए, टीएमसी ने कांग्रेस के साथ मिलकर साजिश रची और महिलाओं के लिए 33% आरक्षण प्रदान करने वाले कानून को पारित होने से रोक दिया".

'भयकाल जाएगा, सेवाकाल आएगा'

अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने कहा, "बंगाल से भय काल जाएगा और सेवा काल आएगा". उन्होंने टीएमसी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पार्टी के सिंडिकेट की "परमानेंट सर्जरी" की जाएगी.

उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में बदलाव ऐतिहासिक होगा और टीएमसी का प्रभाव खत्म होने वाला है. पीएम ने यह भी दावा किया कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और चुनाव के बाद स्थिति पूरी तरह बदल जाएगी.

चुनावी माहौल में बढ़ी गर्मी

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में बीजेपी राज्य में सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि टीएमसी का “आतंक” खत्म होगा और एक नई शुरुआत होगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो