खान सर के बॉडीगार्ड हुए गिरफ्तार, ज्ञान बिंदू कोचिंग वायरल वीडियो के बाद मामले में आया नया मोड़

पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदू कोचिंग के बीच हुआ विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. वहीं अब पटना पुलिस ने फायरिंग के केस में खान सर की कोचिंग के दो गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया गया है. 

Yashika Jandwani

पटना: पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदू कोचिंग के बीच हुआ विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. बता दें, हाल ही में  ज्ञान बिंदू कोचिंग की ओर से एक वीडियो सामने आया, जिसने पूरे मामले को लेकर नई बहस शुरू कर दी है. वीडियो में दावा किया गया कि फायरिंग दूसरी ओर से हुई थी, जिसमें इस मामले को लेकर खान सर के दोनों बॉडीगार्ड पर आरोप लगाया गया हो. वहीं अब पटना पुलिस ने फायरिंग के केस में खान सर की कोचिंग के दो गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया गया है. 

कब शुरू हुआ विवाद 

बताया जा रहा है कि 2 जून की रात दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद के दौरान जमकर हंगामा हुआ था. इसी घटना के बाद तोड़फोड़ और पथराव की खबरें सामने आई थी. वहीं अब वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोग कोचिंग सेंटर के बाहर दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति हथियार लोड करता और फायरिंग करता नजर आता है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति कौन है और उसका घटना से क्या संबंध है. 

खान सर न लगाया आरोप 

घटना के बाद शुरुआती प्रतिक्रिया में खान सर ने दावा किया था कि उन्होंने फायरिंग होते देखी थी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के लोगों ने उनके सेंटर पर हमला किया लेकिन अगले दिन मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण माहौल के कारण भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी और उन्होंने वही जानकारी साझा की थी जो उन्हें सुरक्षा कर्मियों से मिली थी. 

कोचिंग ने की निष्पक्ष जांच की मांग 

दूसरी ओर, ज्ञान बिंदू कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि उनके संस्थान को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. बता दें, पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदू कोचिंग के निदेशक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. इसके अलावा कुछ अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर किया गया है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच लंबे समय से प्रतिस्पर्धा चल रही थी. वहीं छात्रों की सफलता और परिणामों को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ रहा था, जो आखिरकार विवाद में बदल गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो