जल्द होगी खान सर की गिरफ़्तारी! पटना में फैजल खान पर दर्ज हुआ आर्म्स एक्ट केस

पटना के दो बड़े कोचिंग संचालकों के बीच चल रहा झगड़ा अब कानूनी पचड़े में बदल गया है। रौशन आनंद सर के जेल जाने के बाद अब खान सर उर्फ फैजल खान पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।

Sachin Hari Legha

पटना: पटना के दो बड़े कोचिंग संचालकों के बीच चल रहा झगड़ा अब कानूनी पचड़े में बदल गया है। रौशन आनंद सर के जेल जाने के बाद अब खान सर उर्फ फैजल खान पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। पटना पुलिस ने कोचिंग पर फायरिंग की गलत सूचना देने के आरोप में खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।  

वीडियो सामने आने के बाद बढ़ी मुश्किलें   

मामला तब तूल पकड़ा जब कल फायरिंग का एक वीडियो सामने आया। इसके बाद पुलिस ने खान सर के दो गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं और उन्हें जेल भेज दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार खान सर का नाम उसी एफआईआर में जोड़ा गया है। एफआईआर में आरोप है कि फायरिंग खान सर की मौजूदगी में हुई थी। अब अगर खान सर को कोर्ट से अग्रिम जमानत नहीं मिली तो उनकी गिरफ्तारी तय मानी जा रही है।  

खान सर ने दी सफाई    

एफआईआर में नाम आने के बाद खान सर ने मीडिया से कहा कि उनके गार्ड ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी। मंगलवार रात घटना के तुरंत बाद उन्होंने दावा किया था कि कोचिंग पर हमला हुआ और कई राउंड फायरिंग हुई। लेकिन अगली सुबह उन्होंने अपने बयान से पलटते हुए कहा कि अफरातफरी में उन्होंने वही दोहराया जो गार्ड ने बताया था।  

गुरुवार सुबह रौशन आनंद के कोचिंग ज्ञान बिंदु ने खान सर के गार्ड का फायरिंग करता वीडियो जारी कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद ही दोनों गार्ड पकड़े गए। हथियार फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।  

क्रेडिट की लड़ाई बना विवाद की जड़   

खान सर और रौशन आनंद सर के बीच यह झगड़ा बिहार पुलिस सिपाही भर्ती में पास हुए कैंडिडेट्स का श्रेय लेने को लेकर शुरू हुआ था। पटना के कोचिंग संचालक गुरु रहमान ने बताया कि दोनों कोचिंग पास कैंडिडेट्स की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। मतलब एक ही स्टूडेंट को दोनों अपने यहां पढ़ा हुआ बताकर सफलता का क्रेडिट ले रहे थे।  

एक कोचिंग में पास कैंडिडेट्स का सम्मान समारोह था। वहां दूसरी कोचिंग के कुछ कैंडिडेट भी पहुंच गए। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद खान सर के कोचिंग पर हमला हुआ। इस हमले में खान सर का कोचिंग कार्ड भी घायल हो गया था। इसी केस में अब रौशन आनंद सर समेत कुछ लोग जेल में हैं और खान सर पर भी कार्रवाई की गाज गिर सकती है। 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो