मिर्जापुर द मूवी की रिलीज डेट फाइनल: इस तारीख को बड़े पर्दे पर दिखेगा भौकाल, पंकज त्रिपाठी-अली फजल फिर आमने-सामने

ओटीटी पर धमाल मचाने के बाद अब ‘मिर्जापुर’ की कहानी बड़े पर्दे पर पहुंचने को तैयार है. पंकज त्रिपाठी और अली फजल स्टारर ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

मिर्जापुर: भारतीय ओटीटी की सबसे चर्चित और सफल वेब सीरीज में शामिल 'मिर्जापुर' अब अपने आखिरी पड़ाव पर बड़े पर्दे की ओर बढ़ चुकी है. सीजन 3 के बाद की कहानी को आगे ले जाती 'मिर्जापुर द मूवी' इसी साल 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.

निर्माताओं ने गुरुवार सुबह फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान किया. इसके साथ ही यह साफ हो गया कि ओटीटी पर धमाल मचाने के बाद अब मिर्जापुर की गैंग वॉर, सत्ता की लड़ाई और बदले की आग सिनेमाघरों में देखने को मिलेगी.

फिल्म मिर्जापुर की रिलीज़ डेट का ऐलान

गुरुवार को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने फिल्म का पोस्टर जारी करते हुए रिलीज डेट की पुष्टि की. पोस्टर में घुमावदार सड़क पर दौड़ती एसयूवी गाड़ियों का काफिला दिखाई देता है, जिसके बीच फिल्म का टाइटल और रिलीज की तारीख उभरे हुए अंदाज में लिखी है.

पोस्टर के साथ दिए गए कैप्शन में लिखा गया है, "अब देखिए भौकाल बड़े पर्दे पर. #मिर्ज़ापुरदमूवी 4 सितंबर को आपके नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है."

कालीन भैया और गुड्डु भैया की वापसी

'मिर्जापुर द मूवी' में एक बार फिर दर्शकों के चहेते किरदार कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) और गुड्डु भैया (अली फ़ज़ल) नजर आएंगे. इसके साथ ही दिव्येंदु शर्मा के किरदार मुन्ना त्रिपाठी को भी कहानी में वापस लाया गया है, जो फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है.

दमदार स्टारकास्ट से सजी मिर्जापुर द मूवी

फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी मजबूत है. इसमें रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौड़, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंगशा बिस्वास जैसे कलाकार शामिल हैं.

हालांकि, सीज़न 1 में बब्लू पंडित का किरदार निभाने वाले विक्रांत मैसी फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे. खबरों के मुताबिक, उनकी जगह जितेंद्र कुमार को लिया गया है.

पोस्ट-प्रोडक्शन में है फिल्म

'मिर्जापुर द मूवी' की शूटिंग हाल ही में पूरी हो चुकी है और फिल्म इस समय पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में है. उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर शहर की पृष्ठभूमि पर बनी यह कहानी गैंग की दुश्मनी, बदले और सत्ता के संघर्ष को एक बार फिर नए अंदाज में पेश करेगी.

किसने बनाई मिर्जापुर द मूवी

इस फिल्म का निर्माण अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने किया है. फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है. मिर्जापुर पहले ही भारत की सबसे लोकप्रिय ओटीटी फ्रेंचाइज़ी में अपनी जगह बना चुकी है और अब बड़े पर्दे पर इसका असर देखना दिलचस्प होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag