निधि अग्रवाल के साथ गंदी हरकत पर सिंगर चिन्मयी श्रीपदा का फूटा गुस्सा,बोली " भेड़ियों से भी बुरा पुरुषों की भीड़ का व्यवहार

हैदराबाद में एक इवेंट के दौरान हुई घटना ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर आक्रोश भड़का दिया है. फिल्म के गाने "सहाना सहाना" के लॉन्च के दौरान एक्ट्रेस निधि अग्रवाल के साथ धक्का-मुक्की और गलत व्यवहार ने सिक्योरिटी और भीड़ मैनेजमेंट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: द राजा साब को लेकर जहां फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं हैदराबाद में हुए एक इवेंट के दौरान सामने आई एक घटना ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर गुस्से की लहर पैदा कर दी है. फिल्म के ‘सहना सहना’ गाने के लॉन्च के दौरान एक्ट्रेस Nidhhi Agerwal के साथ हुई धक्का-मुक्की और बदसलूकी ने सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

बुधवार शाम हैदराबाद के Lulu Mall में आयोजित इस इवेंट में भारी भीड़ उमड़ी थी. फिल्म के निर्देशक मारुति और लीड एक्ट्रेस निधि अग्रवाल भी मौजूद थीं. इवेंट के समापन के बाद जब निधि अपनी कार की ओर बढ़ रही थीं, तभी बाहर खड़ी भीड़ ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया. लोग बेहद करीब आ गए और हालात इतने बिगड़ गए कि एक्ट्रेस को धक्का-मुक्की के बीच आगे बढ़ना पड़ा.

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि निधि अपनी सिक्योरिटी टीम के साथ कार तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन भीड़ लगातार उन्हें रोक रही है और धक्का दे रही है. सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद स्थिति काबू में नहीं आ पा रही थी. काफी मशक्कत के बाद निधि कार में बैठने में सफल हो सकीं, लेकिन उनके चेहरे पर डर और परेशानी साफ नजर आ रही थी.

चिन्मयी श्रीपदा का तीखा बयान

इस घटना पर मशहूर सिंगर Chinmayi Sripada ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया. उन्होंने लिखा कि पुरुषों की भीड़ का यह व्यवहार “भेड़ियों से भी बुरा” है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि लकड़बग्घों की बेइज्जती करना भी गलत है, क्योंकि यह सोच एक जैसी है—भीड़ में शामिल ऐसे लोग किसी महिला को इसी तरह परेशान करेंगे. चिन्मयी के इस बयान को कई लोगों का समर्थन मिला.

सोशल मीडिया पर भड़का आक्रोश

घटना के वीडियो वायरल होते ही इंटरनेट पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना और असुरक्षित व्यवहार बताया. कुछ ने साफ कहा कि फैंस को पर्सनल स्पेस की इज्जत करनी चाहिए, जबकि कई लोगों ने आयोजन की व्यवस्था पर सवाल उठाए.

एक यूजर ने लिखा, “#TheRajaSaab गाने के लॉन्च पर #NidhhiAgerwal के साथ जो हुआ, वह डरावना है. क्राउड मैनेजमेंट बेहद जरूरी है.” वहीं कुछ लोगों ने सीधे फिल्म की टीम और इवेंट मैनेजमेंट को दोषी ठहराया और कहा कि इतने बड़े बजट की फिल्म के लिए बेहतर योजना होनी चाहिए थी.

गौरतलब है कि Prabhas स्टारर ‘द राजा साब’ का बजट 400 से 450 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इतनी बड़ी फिल्म के इवेंट में सुरक्षा में चूक ने यह दिखा दिया कि स्टारडम के बीच इंसानी गरिमा और सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag