सोहम और नवाजुद्दीन के साथ लौट रहा है खतरनाक लालच, तुम्बाड 2 की रिलीज डेट आई सामने, जानिए फिल्म से जुड़ी A-Z डिटेल्स

तुम्बाड फिल्म का सीक्वल तुम्बाड 2 की रिलीज डेट सामने आ गई है. मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की है.

Sonee Srivastav

Tumbbad 2 Release Date: तुम्बाड के प्रशंसकों की उत्सुकता अब पूरी होने वाली है. फिल्म के मेकर्स ने बहुप्रतीक्षित सीक्वल तुम्बाड 2 की रिलीज डेट आधिकारिक तौर पर घोषित कर दी है. सोहम शाह अभिनीत यह लोक हॉरर फिल्म दिसंबर 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है.

रिलीज डेट और पोस्टर जारी

बुधवार को सोहम शाह ने अपनी इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का आधिकारिक पोस्टर शेयर किया और रिलीज डेट का ऐलान किया. फिल्म 3 दिसंबर 2027 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. सोहम शाह ने पोस्ट में लिखा, "पापों से भरा अतीत, भयावह भविष्य. भूख बढ़ती है, लालच की विरासत जारी रहती है...अपने कैलेंडर में तारीख नोट कर लें, #तुम्बाड2 3 दिसंबर 2027 को आ रही है #प्रलयआएगा."

फिल्म में कौन-कौन हैं?

तुम्बाड 2 का निर्देशन आदेश प्रसाद कर रहे हैं. फिल्म का निर्माण सोहम शाह फिल्म्स और पेन स्टूडियोज ने मिलकर किया है. फिल्म में सोहम शाह के साथ नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे. दोनों अभिनेताओं का कॉम्बिनेशन दर्शकों के बीच काफी चर्चा का विषय है. 

क्या कहते हैं सोहम शाह?

सोहम शाह ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, "तुम्बाड मेरे लिए हमेशा बहुत खास रहा है. तुम्बाड 2 के जरिए हम उस दुनिया को और गहराई के साथ आगे बढ़ा रहे हैं. हम पौराणिक कथा और माहौल को और मजबूत कर रहे हैं, साथ ही कहानी में नए पहलू भी जोड़ रहे हैं. फिल्म पुरानी यादों को ताजा करेगी और नया अनुभव भी देगी."

पेन स्टूडियोज और निर्देशक का बयान

पेन स्टूडियोज के डॉ. जयंतीलाल गाडा ने बताया कि तुम्बाड 2 को एक भव्य सिनेमाई अनुभव बनाने की कोशिश की गई है. फिल्म इस ब्रह्मांड को और विस्तार देगी और दर्शकों को पूरी तरह बांधे रखेगी.

निर्देशक आदेश प्रसाद ने कहा, "पहली फिल्म की अपनी अलग पहचान है. हमने मूल भावना को बनाए रखते हुए कहानी और दृश्यों को आगे बढ़ाया है. कोशिश यही है कि दर्शकों को पुरानी फिल्म से जुड़ाव महसूस हो, लेकिन साथ ही कुछ नया और गहरा अनुभव भी मिले."

बता दें कि पहली फिल्म की तरह ही यह सीक्वल भी भारतीय लोककथाओं और पौराणिक तत्वों पर आधारित हॉरर में होगी, जिसमें लालच, पाप और अंधविश्वास जैसे मुद्दों को डरावने अंदाज में पेश किया जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो