कौन हैं मिस यूनिवर्स 2025 में हिस्सा ले रही मानिका विश्वकर्मा? टॉप 30 में पहुंचने के बाद अब आगे कठिन परीक्षा, कहां देख पाएंगे लाइव

74वें मिस यूनिवर्स पेजेंट में भारत की प्रतिनिधि मानिका विश्वकर्मा टॉप 30 में पहुंचकर सबका ध्यान खींच रही हैं. राजस्थान की मानिका अपनी पढ़ाई, कला और सामाजिक सोच के लिए जानी जाती हैं. प्रतियोगिता के कई चरणों के बाद आज फाइनल में ताज का फैसला होगा.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

मुंबईः 74वें मिस यूनिवर्स पेजेंट का शानदार फिनाले आज 21 नवंबर 2025 को थाईलैंड के नोंथबुरी स्थित इम्पैक्ट चैलेंजर हॉल में आयोजित किया जा रहा है. भारत में इसका लाइव प्रसारण सुबह 6:30 बजे से शुरू हो चुका है. इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम 'प्यार की ताकत' मानवता, करुणा, एकता और साथ मिलकर आगे बढ़ने के संदेश पर जोर देती है. यह थीम दुनिया को जोड़ने में प्रेम की परिवर्तनकारी शक्ति को समर्पित है.

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर दुनियाभर की प्रतिभाशाली युवतियां अपनी संस्कृति, आत्मविश्वास और सामाजिक प्रतिबद्धता को पेश कर रही हैं. इसी बीच भारत के लिए गर्व का विषय है कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व मानिका विश्वकर्मा कर रही हैं.

कौन हैं मानिका विश्वकर्मा?

मानिका विश्वकर्मा राजस्थान से ताल्लुक रखती हैं. वह फिलहाल दिल्ली विश्वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस और इकोनॉमिक्स में स्नातक की अंतिम वर्ष की छात्रा हैं.

मानिका ने अपने मजबूत व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता के चलते मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 का ताज जीता था. इसके अलावा, वह भारतीय शास्त्रीय नृत्य में प्रशिक्षित हैं और पेंटिंग में भी गहरी रुचि रखती हैं. कला और संस्कृति से जुड़ाव उन्हें एक बहुमुखी व्यक्तित्व प्रदान करता है, जो उन्हें ग्लोबल स्टेज पर अलग पहचान दिलाता है.

उनकी सहज अभिव्यक्ति, सोशल वर्क में रुचि और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सोच ने उन्हें मिस यूनिवर्स प्लेटफॉर्म के लिए और अधिक उपयुक्त बना दिया है.

कैसे चुनी जाएगी मिस यूनिवर्स 2025?

इस साल की प्रतियोगिता में सौ से भी अधिक देशों की प्रतिभागी हिस्सा ले रही हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत की मानिका ने टॉप 30 में प्रवेश कर लिया है, जिससे देशभर में उत्साह और उम्मीदें बढ़ गई हैं.

प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया इस प्रकार है

पहला चरण – प्रारंभिक चयन

शुरुआती राउंड में जजों ने 120 प्रतिभागियों में से 29 को अगले चरण के लिए चुना. इसके साथ ही 30वीं कंटेस्टेंट को ग्लोबल ऑडियंस और फैंस के वोट के आधार पर चयनित किया गया.

दूसरा चरण – स्विमसूट राउंड

टॉप 30 प्रतिभागी स्विमसूट शो में हिस्सा लेंगी. यहां से केवल 12 प्रतियोगियों को अगले चरण इवनिंग गाउन राउंड के लिए चुना जाएगा.

तीसरा चरण – इवनिंग गाउन राउंड

टॉप 12 कंटेस्टेंट्स अपनी स्टाइल, व्यक्तित्व और रैंप प्रेजेंस के आधार पर टॉप 5 में जगह बनाने की कोशिश करेंगी.

अंतिम चरण – प्रश्न–उत्तर राउंड

टॉप 5 में शामिल प्रतिभागियों का परीक्षण उनके जवाबों, सोच, नेतृत्व क्षमता और मंच पर संतुलन के आधार पर किया जाएगा. यही चरण तय करेगा कि टॉप 3 कौन बनेंगे और मिस यूनिवर्स 2025 का ताज किसके सिर सजेगा.

भारत की उम्मीदें मानिका से जुड़ीं

मानिका के मजबूत प्रदर्शन और टॉप 30 में पहुंचने की खबर ने भारतीय दर्शकों में नई ऊर्जा भर दी है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उनके समर्थन में संदेशों की बाढ़ आ गई है. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या मानिका इस वैश्विक मंच पर देश को ताज दिला पाएंगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो