'यह चुप्पी बहुत विनाशकारी है', राहुल गांधी ने एस जयशंकर पर फिर साधा निशाना, बीजेपी का पलटवार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत में पाकिस्तान को सूचना देने को "अपराध" बताया और विदेश मंत्री जयशंकर से जवाब मांगा. कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इसे "जासूसी" करार दिया. सरकार ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए सफाई दी कि पाकिस्तान को ऑपरेशन के बाद जानकारी दी गई थी. भाजपा ने राहुल पर गलत जानकारी फैलाने और पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाया. मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया है.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत में पाकिस्तान को जानकारी देना सिर्फ एक चूक नहीं, बल्कि एक 'अपराध' था. उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें यह कहा गया था कि ऑपरेशन की शुरुआत में पाकिस्तान को सूचित किया गया था. राहुल गांधी ने पूछा कि ऐसी सूचना देने की अनुमति किसने दी और क्या इससे भारतीय वायुसेना को नुकसान हुआ?
शनिवार को राहुल गांधी ने एक वीडियो साझा किया जिसमें जयशंकर को यह कहते सुना जा सकता है कि हमने पाकिस्तान को बताया था कि हमारा हमला सैन्य ठिकानों पर नहीं, बल्कि आतंकवादी ढांचे पर केंद्रित है. इस वीडियो के साथ राहुल ने सवाल उठाया कि क्या इस पूर्व चेतावनी से पाकिस्तान को तैयारी का समय मिल गया था और क्या इससे हमारे विमान निशाना बने?
यह बयानबाजी नहीं, चुप्पी निंदनीय है
रविवार को राहुल गांधी ने यही वीडियो दोबारा पोस्ट करते हुए कहा कि विदेश मंत्री की चुप्पी सिर्फ राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि देश के साथ अन्याय है. उन्होंने फिर सवाल किया, "पाकिस्तान को पहले से सूचना देने के बाद हमने कितने विमान गंवाए? यह कोई भूल नहीं, बल्कि देश के खिलाफ एक अपराध है."
यह कूटनीति नहीं, जासूसी है
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी प्रेस वार्ता के दौरान राहुल गांधी के बयानों का समर्थन किया. उन्होंने विदेश मंत्री और पाकिस्तान के बीच संबंधों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पहले से चेतावनी दी गई, तो क्या आतंकवादी जैसे मसूद अजहर और हाफिज सईद को इसका फायदा मिला? खेड़ा ने इसे "कूटनीति नहीं बल्कि जासूसी" बताया.
सरकार की सफाई
विदेश मंत्रालय ने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जयशंकर की बातों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है. मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री ने कहा था कि पाकिस्तान को ऑपरेशन शुरू होने के बाद उसके शुरुआती चरण में सूचित किया गया था, न कि उससे पहले.
इसके अलावा, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने भी स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर के तुरंत बाद ही पाकिस्तान को जानकारी दी गई थी, और वहां से कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी मिली थी. उन्होंने कहा कि भारत इस प्रतिक्रिया के लिए पूरी तरह तैयार था.
भाजपा का पलटवार
भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि वो बार-बार एक गलत बयानी को दोहरा रहे हैं. उन्होंने पूछा कि क्या राहुल कुछ विदेशी इशारों पर काम कर रहे हैं, और क्यों वे विदेश मंत्री पर ऐसे समय में दबाव बना रहे हैं जब वह विदेश यात्रा पर हैं. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कहा कि राहुल गांधी की बातें अब पाकिस्तान की मीडिया में चलाई जा रही हैं, और यह सवाल उठता है कि क्या कांग्रेस और पाकिस्तान एक ही स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं.


