6 लेयर सिक्योरिटी, 15 हजार जवान, 7000 CCTV और FRS कैमरे...ऐसी होगी गणतंत्र दिवस पर दिल्ली की सिक्योरिटी
Republic Day 2025: गणतंत्र दिवस के मौके पर 15 हजार जवान सिर्फ कर्तव्य पथ की सुरक्षा में तैनात किए गए हैं. हर जगह सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है, कंट्रोल रूम बनाया गया है. AI टेक्नोलॉजी से लैस 100 से ज्यादा कैमरे लगाए गए हैं. कर्तव्य पथ पर परेड में इस साल 1 लाख लोगों के आने की संभावना है.

Republic Day 2025: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी को लेकर हर तरह की तैयारियां की गई हैं. देश की राजधानी इस बार पूरी तरह से चाक-चौबंद सुरक्षा के घेरे में होगी. गणतंत्र दिवस समारोह की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं. दिल्ली पुलिस ने 6 लेयर की सुरक्षा का बंदोबस्त किया है. 15 हजार जवान सिर्फ कर्तव्य पथ की सुरक्षा में तैनात किए गए हैं. इसके अलावा, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ भी ऑपरेशन पर नजर बनाए रखेंगे. AI टेक्नोलॉजी से लैस 100 से ज्यादा कैमरे लगाए गए हैं. परेड के रूट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पूरी दिल्ली में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी रखी जाएगी.
डीसीपी नई दिल्ली देवेश महला ने बताया कि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक की कोई गुंजाइश नहीं है. परेड के दौरान राजधानी में 6 लेयर का मल्टी-लेयर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है. इसके साथ ही 15 हजार पुलिसकर्मी सिर्फ कर्तव्य पथ के आसपास तैनात रहेंगे. उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में 7000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है जिनमें से 1000 से ज्यादा कैमरे सिर्फ परेड रूट पर नजर रखेंगे. इन कैमरों में फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) का इस्तेमाल किया जा रहा है जो संदिग्ध अपराधियों की पहचान करने में मदद करेगा.'
AI कैमरों से होकर गुजरना होगा
डीसीपी ने आगे कहा, "घर से पैदल या गाड़ी से कोई भी आदमी आता है, उसे 6 लेयर सिक्योरिटी से गुजरना पड़ेगा. हर व्यक्ति जो गणतंत्र दिवस समारोह में आएगा, उसे हाई डेफिनिशन कैमरों की नजर से गुजरना होगा. अगर किसी का चेहरा डेटाबेस से मेल खाता है तो तुरंत अलार्म बज जाएगा और संबंधित सुरक्षा कर्मियों को जानकारी दी जाएगी.'' उन्होंने कहा, ''कोई भी व्यक्ति नई दिल्ली डिस्ट्रिक्ट के अंदर प्रवेश भी करता है, तो हमारा सिस्टम उसको पकड़ने में कामयाब होगा. अलग-अलग लोकेशन पर हमारे कंट्रोल रूम भी हैं, उनको भी वो अलर्ट आ जाएगा."
लोगों से की सहयोग की अपील
देवेश महला ने बताया कि कर्तव्य पथ पर इस बार करीब एक लाख लोग परेड देखने आएंगे. मेरी सबसे अपील है कि आपको कई लेवल की सिक्योरिटी से गुजरना पड़ सकता है, इसके लिए आपको थोड़ी असुविधा भी हो सकती है, लेकिन आप पुलिस को सहयोग करें. हम आपकी सुरक्षा के लिए ही तैनात हैं. जो भी प्रतिबंधित चीजे हैं, उन्हें साथ लेकर ना आए.


