नीतीश कुमार की सुरक्षा में चूक, हेलीपैड के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसी गाय; पुलिसकर्मियों को खदेड़ने में करनी पड़ी मशक्कत
बिहार के बेगूसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए. हेलीकॉप्टर के उतरने से कुछ देर पहले ही एक गाय हेलीपैड के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गई, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बेगूसराय: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेगूसराय दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. प्रशासन की कड़ी तैयारियों और सुरक्षा के दावों के बीच एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे इंतजाम की पोल खोल दी.
दरअसल, मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने से कुछ समय पहले ही एक गाय हेलीपैड के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गई. इस घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बेगूसराय में सीएम नीतीश कुमार का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेगूसराय आगमन को लेकर प्रशासन ने बरौनी स्थित बियाडा (BIADA) कैंपस में हेलीपैड की व्यवस्था की थी. कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे और प्रशासनिक अधिकारी हेलीकॉप्टर के उतरने का इंतजार कर रहे थे.
अचानक हेलीपैड पर पहुंची गाय
इसी दौरान एक अप्रत्याशित घटना सामने आई. बैरिकेडिंग को पार करते हुए एक गाय सीधे हेलीपैड के बीचों-बीच पहुंच गई.
गाय के अचानक प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने से मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. कुछ ही देर में गाय हेलीपैड के आसपास दौड़ने लगी, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बिहार –
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) March 14, 2026
बेगूसराय में जहां CM नीतीश कुमार का हेलीकॉप्टर थोड़ी देर बाद उतरने वाला है, वहां बैल घुस आया। पुलिसकर्मियों ने भागकर जान बचाई। pic.twitter.com/EDQ3qicxKp
वीडियो हुआ वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि गाय को वहां से हटाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
कुछ पुलिसकर्मी उससे बचते हुए आगे भागते नजर आए, जबकि कुछ उसे हेलीपैड से बाहर खदेड़ने की कोशिश करते दिखाई दिए.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
यह घटना उस समय हुई जब प्रोटोकॉल के तहत पूरे क्षेत्र को पूरी तरह से 'नो-गो जोन' घोषित किया जाना चाहिए था.
हालांकि राहत की बात यह रही कि यह घटना मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लैंड करने से पहले ही हो गई. इसके बावजूद अब यह सवाल उठने लगे हैं कि कड़ी सुरक्षा और बैरिकेडिंग के बावजूद आखिर एक मवेशी हेलीपैड तक कैसे पहुंच गया.
आगे क्या है नीतीश कुमार की योजना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है, जिससे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं. माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव के बाद वह मुख्यमंत्री पद छोड़कर राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, उनके इस कदम से बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना भी बढ़ गई है और अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर चर्चा तेज हो गई है.
हालांकि, नीतीश कुमार ने पार्टी नेताओं से कहा है कि वह राज्यसभा में जाने के बाद भी बिहार की राजनीति और विकास कार्यों पर नजर बनाए रखेंगे और नई सरकार को अपना मार्गदर्शन देते रहेंगे.


