ईरान जंग के बीच इजराइल का नया प्लान: लेबनान में ग्राउंड इनवेजन, क्या हिजबुल्लाह को खत्म करने की तैयारी?

इजराइल अब लेबनान में बड़ा जमीनी हमला शुरू करने की तैयारी में जुट गया है. उसका मुख्य लक्ष्य लितानी नदी के दक्षिणी इलाके पर कब्जा जमाकर हिज्बुलाह के ठिकानों और हथियारों को पूरी तरह नेस्तनाबूद करना है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

इजराइल लेबनान में बड़े पैमाने पर जमीनी सैन्य अभियान शुरू करने की तैयारी में जुट गया है. इसका मुख्य मकसद लितानी नदी के दक्षिणी इलाके पर पूरा कब्जा जमाना और वहां हिज्बुल्लाह के सैन्य ढांचे तथा हथियारों को जड़ से मिटाना है. हिज्बुल्लाह के निरंतर मिसाइल हमलों के बाद इजराइल ने यह कदम उठाने का फैसला किया है.

इजराइली और अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अगर यह अभियान शुरू हुआ तो 2006 के युद्ध के बाद लेबनान में इजराइल का यह सबसे बड़ा जमीनी हमला होगा. इजराइल के एक सीनियर अफसर ने कहा कि सेना वही रणनीति अपनाएगी जो उसने गाजा में अपनाई थी. यानी जिन इमारतों में हिज्बुल्लाह के हथियार छिपे होने या हमलों की तैयारी करने की जानकारी मिलेगी, उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा. अमेरिकी मीडिया ने यह जानकारी दी है.

लेबनान सरकार की बढ़ती चिंता

इस बड़े अभियान का मतलब दक्षिणी लेबनान में इज़राइली सेना का लंबा समय तक तैनात रहना भी हो सकता है. लेबनान सरकार इस बात से काफी चिंतित है. उसका कहना है कि हिज्बुल्लाह द्वारा इजराइल पर रॉकेट दागे जाने के बाद शुरू हुआ यह युद्ध पूरे देश को भारी नुकसान पहुंचा सकता है. ट्रंप का प्रशासन हिज्बुल्लाह को कमजोर करने के लिए इजराइल के इस बड़े अभियान का समर्थन कर रहा है. हालांकि अमेरिका चाहता है कि लेबनान की सरकारी इमारतों और बुनियादी ढांचे को कम से कम नुकसान पहुंचे. साथ ही अमेरिका युद्ध के बाद इजराइल और लेबनान के बीच सीधे बातचीत कराने की कोशिश भी कर रहा है.

लेबनान पर इजराइल का रुख

कुछ दिन पहले तक बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार लेबनान में बढ़ते तनाव को सीमित रखना चाहती थी, क्योंकि इजराइल का मुख्य ध्यान ईरान पर था. लेकिन हालात तब बदल गए जब हिज्बुल्लाह ने ईरान के साथ मिलकर इजराइल पर बड़ा हमला किया. इस हमले में 200 से ज्यादा मिसाइलें दागी गईं और ईरान ने भी दर्जनों मिसाइलें छोड़ीं. एक इजराइली अधिकारी ने कहा कि इस हमले से पहले लेबनान में युद्धविराम की संभावना थी, लेकिन अब बड़े सैन्य अभियान से पीछे हटना मुश्किल है.

इजराइली सेना की तैयारियां

इजराइली सेना पहले से ही लेबनान सीमा पर तीन बख्तरबंद और पैदल सेना डिवीजन तैनात कर चुकी है. पिछले दो हफ्तों में कुछ सीमित जमीनी घुसपैठ भी की गई है. अब सेना ने सीमा पर और सैनिक भेजने और अतिरिक्त रिजर्व फोर्स को भी बुलाने का फैसला किया है. इजराइल का लक्ष्य दक्षिणी लेबनान के इलाके पर नियंत्रण करना, हिज्बुल्लाह को सीमा से दूर धकेलना और गांवों में बने उसके सैन्य ठिकानों और हथियारों के भंडार को नष्ट करना है.

हिज्बुल्लाह की चेतावनी

दूसरी ओर हिज्बुल्लाह के नेता नईम कासिम ने कहा कि लेबनान सरकार की कूटनीतिक कोशिशें देश की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा को बचाने में सफल नहीं रहीं. इसलिए अब प्रतिरोध ही इकलौता रास्ता है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इजराइल जमीनी हमला करता है तो यह उसके लिए जाल साबित होगा, क्योंकि नजदीक की लड़ाई में हिज्बुल्लाह के लड़ाके इजराइली सेना को नुकसान पहुंचा सकते हैं.

युद्ध के मानवीय प्रभाव

इस संघर्ष के कारण दक्षिणी लेबनान में बड़ी संख्या में लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं. अब तक करीब 8 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं और कम से कम 773 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें कई आम नागरिक शामिल हैं.

अमेरिका की सलाह और शर्तें

इस बीच अमेरिका ने इजराइल से कहा है कि वह बेरुत-रफिक हरीरी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अन्य सरकारी ढांचों को निशाना न बनाए. इजराइल ने एयरपोर्ट को नुकसान न पहुंचाने पर सहमति जताई है, लेकिन बाकी सरकारी ढांचे को बचाने का वादा नहीं किया है. शुक्रवार को इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में एक पुल पर हमला किया, क्योंकि उसके अनुसार हिज्बुल्लाह उस रास्ते से हथियार और सैनिक भेज रहा था.

कूटनीतिक प्रयास तेज

युद्ध के दौरान लेबनान से जुड़े मामलों को संभालने की जिम्मेदारी इजराइल ने पूर्व मंत्री रॉन डर्मर को दी है. वे अमेरिका से संपर्क बनाए रखेंगे और अगर इजराइल और लेबनान के बीच सीधी बातचीत शुरू होती है तो उसे भी संभालेंगे. अमेरिका की ओर से यह जिम्मेदारी मसाद बोलोस को दी गई है. रिपोर्ट के मुताबिक लेबनान सरकार ने भी संकेत दिया है कि वह बिना किसी शर्त के तुरंत युद्धविराम पर बातचीत के लिए तैयार है. अमेरिकी प्रशासन चाहता है कि इस बातचीत के जरिए एक बड़ा समझौता हो सके और 1948 से चल रही इजराइल और लेबनान के बीच युद्ध की स्थिति को औपचारिक रूप से खत्म किया जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो