PM मोदी की ‘सिरविहीन’ तस्वीर पर बवाल, BJP ने कांग्रेस को बताया 'लश्कर-ए-पाकिस्तान'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल से किए गए ‘गायब’ पोस्ट पर सियासी घमासान छिड़ गया है. पोस्ट में पीएम की सिरविहीन तस्वीर के साथ 'गायब' शब्द लिखा गया था, जिसे बीजेपी ने 'सर तन से जुदा' मानसिकता और पाकिस्तान के एजेंडे से जोड़ा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से की गई ‘गायब’ टिप्पणी ने सियासी बवाल खड़ा कर दिया है. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद कांग्रेस द्वारा शेयर किए गए एक ग्राफिक पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. इस पोस्ट में प्रधानमंत्री को सिरविहीन दिखाया गया और साथ में लिखा था ‘गायब’, जिस पर बीजेपी ने कांग्रेस पर पाकिस्तान के एजेंडे को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है.
बीजेपी ने कांग्रेस की इस हरकत को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि जब पीएम मोदी ने पाकिस्तान को आतंकवाद को लेकर कड़ा संदेश दिया, उस वक्त कांग्रेस ऐसे प्रतीकों का इस्तेमाल कर रही है, जो ‘सर तन से जुदा’ मानसिकता को दर्शाता है. बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कई गंभीर सवाल उठाए.
कांग्रेस का ‘गायब’ पोस्ट
बीजेपी ने मंगलवार को कांग्रेस के उस सोशल मीडिया पोस्ट की आलोचना की, जिसमें पीएम मोदी की सिरविहीन तस्वीर के साथ ‘गायब’ लिखा गया था. इस पोस्ट को लेकर पार्टी ने कहा कि यह न सिर्फ आपत्तिजनक है बल्कि देश की संवेदनाओं के खिलाफ भी है. गौरव भाटिया ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक राष्ट्रीय पार्टी होकर कांग्रेस अब 'लश्कर-ए-पाकिस्तान कांग्रेस' बन चुकी है. प्रधानमंत्री की बिना सिर की छवि शेयर करना उनकी 'सर तन से जुदा' सोच को उजागर करता है.
‘पाकिस्तान की तारीफ पा रही कांग्रेस’
गौरव भाटिया ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की बयानबाज़ियों को पाकिस्तान में सराहा जा रहा है. जब पूरा देश पहलगाम आतंकी हमले के बाद एकजुट होने की ज़रूरत पर जोर दे रहा है, तब कांग्रेस ऐसा पोस्ट कर रही है. कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय पाकिस्तान में वाहवाही बटोर रही है.
कांग्रेस का बचाव
वहीं कांग्रेस ने इस विवाद पर सफाई देते हुए पीएम मोदी की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाया. कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री 24 अप्रैल को सऊदी अरब से लौटे, लेकिन इसके बाद वे बिहार में चुनावी रैली के लिए निकल गए. जब देश को नेतृत्व की ज़रूरत थी, तब वे राजनीतिक भाषण देने में व्यस्त थे.'
क्या राहुल और खड़गे का समर्थन दिखावा था?
बीजेपी ने कांग्रेस पर यह भी सवाल उठाए कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा सरकार को दिए गए समर्थन में कितनी सच्चाई है. क्या यह दिखावा है? राहुल गांधी उस आपत्तिजनक पोस्ट पर क्यों चुप हैं? कांग्रेस पाकिस्तान के साथ क्यों खड़ी दिख रही है.
पहले भी कांग्रेस नेताओं के बयानों पर उठे थे सवाल
इससे पहले भी पहलगाम हमले पर कांग्रेस के कुछ नेताओं के बयान पर बीजेपी ने नाराजगी जताई थी. हालांकि कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वे बयान व्यक्तिगत थे, पार्टी की आधिकारिक राय नहीं.


