PM मोदी से लेकर योगी आदित्यनाथ और हेमा मालिनी...बंगाल चुनाव के लिए BJP के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी
बीजेपी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए शीर्ष नेताओं और चर्चित हस्तियों को शामिल करते हुए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिससे पार्टी राज्य में मजबूत प्रचार अभियान चलाने की तैयारी में है. राज्य में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना के साथ चुनावी नतीजे सामने आएंगे.

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी दल अपनी रणनीतियों को धार दे रहे हैं. इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है. इस सूची में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ कई प्रभावशाली और लोकप्रिय चेहरे शामिल हैं, जिन्हें राज्यभर में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है.
बीजेपी के प्रमुख प्रचारक
बीजेपी के प्रमुख प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाश सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी शामिल हैं. इनके अलावा धर्मेंद्र प्रधान, योगी आदित्यनाथ, शिवराज चौहान, देवेंद्र फडणवीस हिमंता भी विभिन्न इलाकों में प्रचार करते नजर आएंगे.
पार्टी ने इस बार चुनाव प्रचार को और आकर्षक बनाने के लिए फिल्म और खेल जगत के चर्चित चेहरों को भी शामिल किया है. अभिनेता मिथुन चक्रववर्ती, हेमा मालिनी और कंगना रणौत के साथ-साथ टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और गायक-राजनेता मनोज तिवारी को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है.
इसके अतिरिक्त स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, अश्विणी वैणव, अन्नपूर्णा देवी, अर्जुन मुंडा, भूपेन्द्र यादव, बिप्लब कुमार देब, मंगल पांडे और सम्राट चौधरी को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. राज्य स्तर पर सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर, राजू बिस्ता, जयंत कृष्ण रॉय और मनोज तिग्गा को भी अहम भूमिका दी गई है.
बीजेपी को क्या उम्मीद?
बीजेपी को उम्मीद है कि इन दिग्गज नेताओं और लोकप्रिय हस्तियों के माध्यम से वह राज्य में मजबूत चुनावी माहौल बना सकेगी और मतदाताओं तक अपनी नीतियों व योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचा पाएगी. पार्टी ने इस चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है और स्टार प्रचारकों के जरिए अपने पक्ष में माहौल बनाने की रणनीति पर काम कर रही है.
चुनाव कार्यक्रम की बात करें तो पश्चिम बंगाल में 2026 का विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित होगा. पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा. इसके बाद 4 मई को मतगणना की जाएगी. 294 सीटों वाली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 7 मई 2026 को समाप्त हो रहा है. इसलिए तय समयसीमा के भीतर पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी.


