अमित शाह का बस्तर में बड़ा ऐलान, बोले- नक्सलवाद खत्म करने का वादा हुआ पूरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान बस्तर संभाग के लिए कई बड़े नीतिगत फैसलों और विकास योजनाओं की घोषणा की है.

छत्तीसगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान बस्तर संभाग के लिए कई बड़े नीतिगत फैसलों और विकास योजनाओं की घोषणा की है. केंद्रीय मध्य क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करने के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करी. उन्होंने कहा कि बस्तर अब पूरी तरह से नक्सलवाद के दंश से मुक्त हो चुका है और क्षेत्र में शांति, विश्वास तथा विकास के एक नए युग की शुरुआत हो चुकी है.
बस्तर में स्थापित होगा विशाल डेयरी नेटवर्क
आदिवासियों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए एक बड़ी योजना का अनावरण करते हुए अमित शाह ने कहा, केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बस्तर के हर आदिवासी परिवार को एक गाय और एक भैंस उपलब्ध कराएगी. इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ एक समझौता किया है.
गृह मंत्री क्या बोले
राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा खुद गुजरात जाकर सहकारी डेयरी की कार्यप्रणाली को समझकर आए हैं. गृह मंत्री ने दावा किया कि अगले 6 महीनों के भीतर बस्तर संभाग में डेयरी उद्योग का एक बहुत बड़ा नेटवर्क खड़ा किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों की आय में भारी वृद्धि होगी.
जवानों के 70 कैंप बदलेंगे 'सेवा डेरा' में
सुरक्षा और विकास को एक साथ जोड़ते हुए गृह मंत्री ने घोषणा की कि बस्तर में सुरक्षा बलों के 200 कैंपों में से 70 कैंपों को 'वीर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा' में तब्दील किया जाएगा. इन सेवा डेरों का मुख्य उद्देश्य शासन और विकास की योजनाओं को सीधे ग्रामीणों के दरवाजे तक पहुंचाना है.
इस खिड़की व्यवस्था के तहत आदिवासियों को एक ही स्थान पर बैंकिंग सेवाएं और डिजिटल साक्षरता, आवश्यक सरकारी पहचान पत्र और दस्तावेज निर्माण, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जरिए केंद्र और राज्य की 371 योजनाओं का लाभ और स्वास्थ्य सुविधाएं, कौशल विकास प्रशिक्षण, आंगनवाड़ी और सस्ते अनाज की दुकानें मिल सकेंगी.
कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के कल्याण और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. बस्तर अब डर के साए से बाहर निकलकर विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है.
इस मौके पर उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती राज्य सरकार ने केंद्र के नक्सल मुक्त अभियान में सहयोग नहीं किया था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार के आते ही सुरक्षा बलों ने नक्सलियों को बैकफुट पर धकेल दिया है. दौरे के पहले दिन गृह मंत्री ने जगदलपुर की अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की.


