दिल्ली में शिक्षा मंत्रालय के ऑफिस में आग लगने से हड़कंप, मौके पर पहुंची 8 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां
दिल्ली के ITO स्थित शिक्षा मंत्रालय के ऑफिस की दूसरी मंजिल पर सोमवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गई. तुरंत मौके पर पहुंची दमकल की 8 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के ITO इलाके में स्थित शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय की दूसरी मंजिल पर सोमवार सुबह अचानक आग लग गई. देखते ही देखते पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे आसपास हड़कंप मच गया.
सुबह करीब 9:37 बजे शिक्षा मंत्रालय के दफ्तर में आग लगने की सूचना मिली. स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) कैंपस के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक में फैकल्टी रूम से धुआं और लपटें निकलती देखकर MTS कर्मचारी सौरभ शर्मा ने तुरंत पीसीआर कॉल किया.
दिल्ली फायर सर्विस की 8 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची. फायर अधिकारी सोमबीर सिंह के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया. पुलिस और दमकल टीम ने समय रहते इमारत को खाली करा लिया, जिससे किसी भी बड़े नुकसान से बचा जा सका.
#WATCH | Delhi | Efforts underway to douse the fire on the second floor of the Ministry of Education office, Vikas Marg. Further details awaited. pic.twitter.com/gZa8KLVK1O
— ANI (@ANI) June 1, 2026
कोई जान-माल की हानि नहीं
अधिकारियों के अनुसार, आग पूरी तरह बुझा दी गई है और अब बिल्डिंग में कोई खतरा नहीं बचा है. इस घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही किसी को गंभीर चोट आई. तीन एंबुलेंस, दो पीसीआर वैन और ट्रैफिक पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही.
आग लगने का सही कारण अभी तक पता नहीं चल सका है. पुलिस और फायर विभाग की टीम जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के आधार पर शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है.
मुखर्जी नगर में अलग घटना
इसी दिन उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुखर्जी नगर के इंदिरा विहार में भी एक चार मंजिला इमारत में आग लग गई. यह इमारत पेइंग गेस्ट (PG) के रूप में चल रही थी. रविवार रात करीब 10:30 बजे आग लगी, जो ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के सामान से शुरू होकर ऊपरी मंजिल तक फैल गई. दमकल की पांच गाड़ियों ने रात 12:15 बजे तक आग पर काबू पा लिया. सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
एक छात्रा को मामूली चोटें आईं, जिनका पास के अस्पताल में इलाज कराया गया. यहां भी आग शॉर्ट सर्किट से लगने की संभावना बताई जा रही है. दिल्ली में इन दोनों घटनाओं ने लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. अधिकारियों ने सभी इमारतों में बिजली व्यवस्था और फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच करने का आश्वासन दिया है.


