दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यू-टर्न, तेज आंधी और बारिश शुरू
दिल्ली-एनसीआर में घने बादलों, तेज आंधी और बारिश के कारण मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. हिमाचल, उत्तराखंड और राजस्थान में भी बारिश और बर्फबारी के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है.

दिल्ली और एनसीआर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है. आज दोपहर के बाद से शहर के कई इलाकों में घने बादल छा गए और कुछ जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश भी हुई. दोपहर में बादलों के आने के बाद ऐसा लगा मानो शाम आ गई हो. मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों के दौरान बारिश की संभावना जताई थी. इसी कड़ी में बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में घने बादलों की वजह से कई जगहों पर अंधेरा छा गया और तेज आंधी के साथ बारिश ने आम जनजीवन पर असर डाला.
19 और 20 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
खराब मौसम की वजह से कुछ इलाकों में ट्रैफिक जाम की भी स्थिति बन गई. मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. इन दिनों अधिकतम तापमान 28-29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. 21 मार्च को हल्की बारिश की संभावना के साथ बादल छाए रहेंगे, जबकि 22 और 23 मार्च को मौसम मुख्यतः साफ रहने के आसार हैं.
मौसम में इस अचानक बदलाव का कारण एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस है. भूमध्य सागर से उठी नमी वाली हवाओं के मैदानी इलाकों में पहुंचने से वायुमंडल में अस्थिरता पैदा हुई, जिससे घने बादल और धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई. यह सिस्टम अगले 2-3 दिनों तक सक्रिय रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट होगी और गर्मी से राहत मिलेगी. भारतीय मौसम विभाग ने 20 मार्च के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला जारी रहेगा.
हिमाचल प्रदेश में मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश में 18 से 20 मार्च तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है. 18 और 21 मार्च को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा या बर्फबारी देखने को मिल सकती है. उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में चमोली के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई.
राजस्थान के कई हिस्सों में भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से 18-20 मार्च के दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश होने के साथ ओले गिरने की संभावना है. जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है.


