'500 में सो जाती हो...', दिल्ली के मालवीय नगर में नार्थ ईस्ट की महिलाओं से पड़ोसियों की शर्मनाक बदसलूकी

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के साथ एसी लगवाने के छोटे-से विवाद के बाद एक दंपति ने कथित तौर पर नस्लभेदी टिप्पणियां कीं और बेहद अश्लील-अभद्र व्यवहार किया. पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली, जहां विविधता को भारत की असली ताकत बताया जाता है, वहां भी उत्तर-पूर्वी राज्यों के लोगों को उनके चेहरे-मोहरे और खान-पान के आधार पर नस्लभेदी टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा है. मालवीय नगर थाना क्षेत्र में एक कपल ने अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के साथ घोर नस्लभेदी और अश्लील टिप्पणियां कीं. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी कपल को पुलिस के सामने भी गंदी-गंदी बातें करते देखा जा सकता है. पीड़ित महिलाओं ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पूरा मामला?

यह घटना एक छोटी-सी धूल गिरने से शुरू हुई, लेकिन जल्द ही नस्लभेद और अश्लील भाषा में बदल गई. पीड़ित युवतियां बताती हैं कि वे दिल्ली में रहते हुए भी बार-बार मोमो-चाउमीन-चिंकी जैसे ताने सुनती हैं, लेकिन इस बार की टिप्पणियां इतनी शर्मनाक और अपमानजनक थीं कि उन्हें चुप रहना मुश्किल हो गया. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनका व्यक्तिगत मामला नहीं, बल्कि पूरे उत्तर-पूर्व के लोगों का दर्द है.

थाने पहुंची पीड़ित युवतियां

रविवार शाम मालवीय नगर थाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं. अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाएं अपने खिलाफ हुई नस्लभेदी टिप्पणियों की शिकायत लेकर थाने पहुंचीं. पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुटी हुई है.

कैसे शुरू हुआ बवाल?

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे मालवीय नगर के एक अपार्टमेंट में रहती हैं. गर्मी शुरू होने से पहले उन्होंने घर में एसी लगवाया. मैकेनिक ड्रिलिंग कर रहे थे और थोड़ी-सी धूल नीचे वाले फ्लैट की बालकनी में गिर गई. इसके बाद नीचे वाले कपल ने मैकेनिक से झगड़ा शुरू कर दिया. जब हम लोग बीच-बचाव करने गए तो वे हम पर भी भड़क गए और पति-पत्नी दोनों ने मिलकर गंदी-गंदी नस्लभेदी टिप्पणियां शुरू कर दीं.

मेरे पति के साथ सो जाओ...

युवतियों ने बताया कि कपल ने उन्हें मसाज पार्लर में काम करने वाली और 500 रुपये में किसी के साथ सो जाने वाली कहा. महिला ने खुद कहा- मेरे पति के साथ सो जाओ तुम लोग 500 रुपये में सो जाती हो, उन लोगों ने हमें धंधे वाली, एक प्लेट मोमो लगा दो और जाने क्या क्या कहा.

मोमो, चाउमीन, चिंकी तो हमेशा ही...

लड़कियों ने कहा- हम भी इंडिया में ही रहते हैं लेकिन अलग दिखते हैं तो इस तरह का व्यवहार होता है. दिल्ली में मोमो, चाउमीन, चिंकी तो हमेशा ही सुनते रहे हैं लेकिन जिस तरह का गाली गलौच हुआ वह अब बर्दाश्त से बाहर है. हम नई जनरेशन हैं हमें तो चीजें बदलनी होंगी.

ये पूरे नॉर्थ ईस्ट का मामला है

उन्होंने कहा- हम लोगों को पार्लर वाली बोला गया मसाज वाली बोला गया गंदी-गंदी टिप्पणी की गई यह हमारे एक का मामला नहीं है. पूरे नॉर्थ ईस्ट का मामला है इसीलिए हम लोग थाने आए हैं और थाने में हमने शिकायत दी है. हमें सहायता मिल रही है. हमारी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, अब देखते हैं आगे क्या होता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag