मालवीय नगर अग्निकांड: साकेत कोर्ट ने लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा
मालवीय नगर के फ्लोरिश स्टे होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर कोर्ट ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.

नई दिल्ली: मालवीय नगर स्थित होटल 'फ्लोरिश स्टे' में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी भानु प्रताप सिंह की अदालत में पेश किया. मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी से विस्तृत पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के लिए चार दिन की हिरासत की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया. इसके बाद लवकेश बजाज को चार दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, होटल के संचालन और सुरक्षा प्रबंधों से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच की जा रही है. वहीं होटल का मैनेजर जय मिश्रा फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
उपराज्यपाल ने मजिस्ट्रेट जांच के दिए निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है. दिल्ली के उपराज्यपाल ने इस अग्निकांड की मजिस्ट्रेट जांच कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके. इसके अलावा दिल्ली सरकार ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने के लिए एक संयुक्त समिति का गठन किया है. यह समिति निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी.
हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री तुरंत साकेत स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने भर्ती घायलों का हालचाल जाना. मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन से बातचीत कर घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना भी दी.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस दुखद घटना में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
11 विदेशी नागरिकों सहित कुल 21 लोगों की मौत
गौरतलब है कि बुधवार सुबह मालवीय नगर के 'फ्लोरिश स्टे' होटल में अचानक भीषण आग लग गई थी. इस दर्दनाक हादसे में 11 विदेशी नागरिकों सहित कुल 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. राजधानी में हुए इस बड़े हादसे ने होटल सुरक्षा व्यवस्थाओं और प्रशासनिक निगरानी को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.


