शादी समारोह में चाकूबाजी से पसरा मातम, 17 साल के नाबालिग की मौत, एक युवक गंभीर घायल

दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक शादी समारोह के दौरान हुआ मामूली विवाद खूनी झगड़े में बदल गया. चाकूबाजी की इस घटना में 17 साल के नाबालिग की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली:  दिल्ली के रानी बाग थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस घटना में करीब साढ़े 17 साल के एक नाबालिग की चाकू लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और शादी की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है.

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, रानी बाग इलाके में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों के बीच अचानक विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि यह विवाद खाने को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया.

इसी दौरान नाबालिग अपने दोस्त के साथ मौके पर मौजूद था. झगड़ा बढ़ने पर उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच कुछ लोगों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया.

बीच-बचाव करना पड़ा भारी

हमले में निखिल यादव (उम्र करीब 17.5 वर्ष) को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसका दोस्त सनी भी घायल हो गया. सनी को कमर के नीचे चाकू मारा गया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान निखिल ने दम तोड़ दिया.

मृतक की पहचान और पृष्ठभूमि

मृतक की पहचान निखिल यादव के रूप में हुई है, जो रोहिणी के नाहरपुर इलाके का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि वह पेशे से मोटर मैकेनिक का काम करता था.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, एसीपी और एसएचओ समेत कई पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.

क्राइम टीम ने मौके से सीसीटीवी फुटेज जुटाए हैं और कुछ युवकों को पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.

जांच जारी, आरोपियों की तलाश

पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले की जांच जारी है और झगड़े की असली वजह का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती जांच में खाने को लेकर विवाद सामने आया है, लेकिन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो