'हर दो मिनट में एक फ्लाईट उड़ेगा...', नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा ऐलान किया!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का भव्य उद्घाटन कर दिया. यह दिल्ली-एनसीआर का दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनेगा, जो लगातार भीड़भाड़ वाले इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को काफी हद तक कम करेगा.

जेवर एयरपोर्ट: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन कर दिया. यह दिल्ली-एनसीआर का दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा, जो इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगातार बढ़ रहे बोझ को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इस ऐतिहासिक मौके पर पीएम मोदी ने टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया और जनसभा को संबोधित कर नये भारत के विकास की उड़ान का संदेश दिया.
उद्घाटन कार्यक्रम का समय
सुबह करीब 11:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया. करीब 12:20 बजे औपचारिक उद्घाटन हुआ, जिसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया.
पीएम मोदी का संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत सभी गणमान्य अतिथियों और उपस्थित लोगों का अभिवादन करते हुए की. उन्होंने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों का उल्लेख किया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों, खासकर युवाओं के उत्साह की सराहना की. उन्होंने कहा कि आज का दिन बेहद खास है, क्योंकि यह एयरपोर्ट न केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है, बल्कि नए भारत के भविष्य की उड़ान का प्रतीक है. प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का भी अवसर मिला था और आज उद्घाटन का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ है.
उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में शामिल हो गया है, जहां कई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों - जैसे आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा और बुलंदशहर - के लिए बड़े आर्थिक और विकास के अवसर लेकर आएगा. उन्होंने आगे कहा कि यह एयरपोर्ट किसानों, छोटे और लघु उद्योगों और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा. यहां से न केवल विमान उड़ेंगे, बल्कि यह विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा.
योगी आदित्यनाथ का संबोधन
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को विकास में बाधा के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब “डबल इंजन सरकार” के कारण प्रदेश ने तेजी से विकास की गति पकड़ी है और नई पहचान बनाई है. योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास 25 नवंबर 2021 को हुआ था और अब उसके पहले चरण का उद्घाटन हो रहा है. उन्होंने कहा कि यह डबल इंजन की स्पीड का ही परिणाम है कि इतनी तेजी से यह परियोजना जमीन पर उतरी. उन्होंने विश्वास जताया कि यह एयरपोर्ट न केवल कनेक्टिविटी बढ़ाएगा, बल्कि रोजगार, निवेश और विकास के नए अवसर भी पैदा करेगा.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के जरिए उत्तर प्रदेश की उड़ान को एक नई ऊंचाई मिलेगी. देश और दुनिया के मौजूदा हालात चुनौतीपूर्ण हैं, जहां कई जगहों पर अव्यवस्था और अस्थिरता का माहौल है और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं. लेकिन भारत में प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों के कारण स्थिति नियंत्रित है.
आज भारत एक मजबूत और स्थिर नेतृत्व के कारण विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है और ऐसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स देश की प्रगति को और गति देंगे.
नागरिक उड्डयन मंत्री का बयान
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत विकास और विरासत का संगम होगा. उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल हवाई सेवाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे एक एरोट्रोपोलिस के रूप में विकसित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि यहां एयर कार्गो की अत्याधुनिक सुविधा तैयार की जा रही है, जिससे इस क्षेत्र में बनने वाले और उगाए जाने वाले उत्पाद देश और दुनिया के हर कोने तक पहुंच सकेंगे.
इसके साथ ही करीब 40 एकड़ में विकसित हो रही सुविधाओं से युवाओं को हाई-स्किल जॉब्स मिलेंगी और एविएशन सेक्टर को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा.
राम मोहन का बयान
राम मोहन नायडू ने कहा कि पहले जेवर और आसपास के लोग रोजगार के लिए दिल्ली जाते थे, लेकिन अब हालात बदलेंगे. अब देश और दुनिया के लोग कामकाज के लिए जेवर आएंगे. एयरपोर्ट के शुरू होने से ग्राउंड हैंडलिंग, मेंटेनेंस, सिक्योरिटी, रियल एस्टेट, होटल, ट्रांसपोर्ट, टूरिज्म, लॉजिस्टिक्स और एग्रीकल्चर जैसे कई सेक्टर में नए अवसर पैदा होंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा केवल खास लोगों तक सीमित थी, लेकिन आज यह आम आदमी की यात्रा बन चुकी है. इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और उड़ान योजना को जाता है. सरकार ने इस योजना को अगले 10 साल के लिए और मजबूत करने का फैसला लिया है, जिससे देश में एविएशन सेक्टर को और बढ़ावा मिलेगा.
एयरपोर्ट की प्रमुख विशेषताएं
इस एयरपोर्ट की खासियत की बात करें तो पहले चरण में करीब 11,200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है. यहां 1,38,000 वर्ग मीटर में फैला आधुनिक टर्मिनल तैयार किया गया है. इसके अलावा करीब 38 मीटर ऊंचा एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर भी बनाया गया है. एयरपोर्ट को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके.
अवनीश कुमार अवस्थी का बयान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा, एक समय में सोचा भी नहीं जा सकता था कि नोएडा में इतना बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा. आज वह सपना सच हो रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से आज जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन हो रहा है. 2017 से इन बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स की नींव रखी गई थी और अब वे एक-एक करके पूरा हो रहे हैं.
एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद, अगले महीने गंगा एक्सप्रेसवे भी शुरू हो जाएगा. यह हमारा सबसे बड़ा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप प्रोजेक्ट है. मुख्यमंत्री के 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर यह एक बहुत बड़ा कदम है.


