एपस्टीन केस में नया खुलासा: मॉडल्स की 'सप्लाई' और आपत्तिजनक ईमेल्स ने खोले चौंकाने वाले राज
जेफ्री एपस्टीन मामले में नए दस्तावेजों ने सनसनी फैला दी है. सामने आए ईमेल्स से खुलासा हुआ है कि एक मॉडल एजेंट कथित तौर पर युवा मॉडल्स को एपस्टीन तक पहुंचाने में भूमिका निभा रहा था, जिससे ग्लैमर इंडस्ट्री का काला सच फिर उजागर हुआ है.

नई दिल्ली: अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) द्वारा जारी नए दस्तावेजों ने कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े एक और सनसनीखेज पहलू को उजागर किया है. सैकड़ों ईमेल्स के जरिए यह सामने आया है कि एक पूर्व मॉडल एजेंट रैमसे एल्कहोली वर्षों तक एपस्टीन के लिए युवा मॉडल्स तक पहुंच बनाने में मदद करता रहा.
इन ईमेल्स की भाषा और उनमें की गई बातचीत ने ग्लैमर इंडस्ट्री के उस काले सच को उजागर किया है, जहां करियर बनाने का सपना देखने वाली लड़कियों को एक ‘वस्तु’ की तरह देखा जा रहा था. यह खुलासा कई गंभीर सवाल खड़े करता है.
आपत्तिजनक ईमेल्स में हुआ खुलासा
2009 से 2019 के बीच एपस्टीन और एल्कहोली के बीच हुए ईमेल्स में महिलाओं के प्रति बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां सामने आई हैं. एक ईमेल में एल्कहोली ने आर्थिक रूप से कमजोर एक युवती का जिक्र करते हुए एपस्टीन से आग्रह किया.
उसने लिखा, 'डियर जेफ्री, प्लीज बस उसे बिस्तर पर ट्राई करो.' जब एपस्टीन ने रुचि नहीं दिखाई, तो उसने दोबारा लिखा, 'जेफ्री प्लीज, बस उसे बिस्तर पर ट्राई कर लो... मुझे लगता है कि इससे वह समझ जाएगी कि असली सेक्स क्या होता है. मुझे वास्तव में इसकी जरूरत है ताकि मुझे संतुष्टि मिल सके... उसे यह पता चलना चाहिए कि सच में (गाली) होना क्या होता है.'
कम उम्र की लड़कियों को लेकर चर्चा
दस्तावेजों से यह भी स्पष्ट हुआ कि एल्कहोली, एपस्टीन की कम उम्र की लड़कियों में रुचि से भली-भांति परिचित था. एक ईमेल में उसने 23 साल की लड़की को लेकर टिप्पणी करते हुए लिखा कि यह उम्र एपस्टीन के लिए ज्यादा है.
एक अन्य ईमेल में उसने एक 19 वर्षीय लड़की का जिक्र करते हुए उसे इसलिए नहीं मिलवाया क्योंकि वह धार्मिक थी. उसने लिखा- 'वह 5'11 की सुनहरी बालों वाली बार्बी डॉल जैसी है, लेकिन क्रिश्चियन होने के कारण शायद काम नहीं बनेगा, जो अफसोस की बात है.'
मॉडलिंग इंडस्ट्री के जरिए जाल
एल्कहोली ने एपस्टीन को मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री में निवेश करने के लिए भी प्रेरित किया. उसने सुझाव दिया कि ब्राजील में मॉडलिंग प्रतियोगिता आयोजित कर हजारों लड़कियों तक पहुंच बनाई जा सकती है.
एजेंट ने प्रस्ताव दिया कि विजेता लड़कियों को अमेरिका, पेरिस या कैरेबियाई द्वीपों तक ले जाया जा सकता है. उसने यह भी कहा कि एक मैगजीन खरीदकर लगातार मॉडल्स तक पहुंच बनाई जा सकती है.
रूस्लाना कोर्शनोवा का जिक्र
इन ईमेल्स में कजाख मॉडल रूस्लाना कोर्शनोवा का नाम भी सामने आया है. फ्लाइट रिकॉर्ड्स के अनुसार, वह 2006 में 18 साल की उम्र में एपस्टीन के कैरेबियाई द्वीप पर गई थी.
2008 में न्यूयॉर्क में एक इमारत से गिरकर उसकी संदिग्ध मौत हो गई थी, जिसे पुलिस ने आत्महत्या बताया था. ईमेल्स से यह भी संकेत मिलता है कि एल्कहोली उसके दस्तावेजों से जुड़े मामलों को संभाल रहा था.
गिरफ्तारी से पहले तक जारी था संपर्क
2019 में एपस्टीन की गिरफ्तारी से कुछ महीने पहले तक दोनों के बीच बातचीत जारी थी. एक ईमेल में एक रूसी लड़की को अमेरिका लाने के तरीकों पर चर्चा की गई थी.
जब वीजा में मुश्किल की बात आई, तो एजेंट ने वैकल्पिक रास्तों का सुझाव दिया.
एजेंट की सफाई
इन खुलासों के बाद बीबीसी से बातचीत में रैमसे एल्कहोली ने अपनी भाषा पर खेद जताया. उसने दावा किया कि वह एपस्टीन के करीबी दायरे का हिस्सा नहीं था और उसे किसी अवैध गतिविधि की जानकारी नहीं थी.
एपस्टीन पर गंभीर आरोप
एफबीआई के अनुमान के मुताबिक, जेफ्री एपस्टीन ने अपने जीवनकाल में करीब 1,000 महिलाओं और नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया था. 2019 में जेल में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी.


