थार साइनबोर्ड में जा घुसी? दिल्ली-गुरुग्राम NH-48 के वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई

दिल्ली-गुरुग्राम एनएच-48 पर थार के साइनबोर्ड में घुसने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ, लेकिन जांच में यह वीडियो एआई से तैयार किया गया फर्जी कंटेंट निकला.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: दिल्ली-गुरुग्राम मार्ग पर एक कथित सड़क हादसे का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक थार गाड़ी सड़क किनारे लगे बड़े साइनबोर्ड के भीतर फंसी हुई दिखाई दे रही है. दावा किया जा रहा है कि यह हादसा एनएच-48 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर बोर्ड में जा घुसी.

हालांकि, जब इस वायरल वीडियो की गहराई से जांच की गई तो कहानी कुछ और ही निकली. पड़ताल में सामने आया कि यह कोई वास्तविक हादसा नहीं, बल्कि एआई तकनीक से तैयार किया गया फर्जी वीडियो है.

क्या दिख रहा है वीडियो में?

करीब 10 सेकेंड के इस वीडियो में सड़क पर सामान्य ट्रैफिक चलता दिखाई देता है. इसी दौरान एक साइनबोर्ड के भीतर थार गाड़ी फंसी हुई नजर आती है. बोर्ड पर दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर, एक्जिट 22 KM और NH 48 लिखा हुआ दिखाई देता है. ऐसा लगता है मानो यह वीडियो किसी चलती कार से रिकॉर्ड किया गया हो.

क्या किया जा रहा है दावा?

वीडियो को शेयर करते हुए कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि एनएच-48 पर यह बड़ा हादसा हुआ. एक यूजर ने लिखा,"सड़क पर रफ्तार, हवा में थारः साइनबोर्ड चीरते हुए बीच में जा फंसी गाड़ी! दिल्ली गुड़गांवः एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक विशाल साइनबोर्ड से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी उछलकर बोर्ड के बीचों-बीच जा फंसी, जिसे देख आसपास के लोग दंग रह गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. संभल कर चलिए अपनी गाड़ी को 'विमान' न समझें, जिंदगी साइनबोर्ड की तरह दोबारा नहीं लिखी जा सकती."

कैसे हुआ शक और कैसे खुली सच्चाई?

वीडियो को ध्यान से देखने पर कई असामान्य बातें सामने आईं. इतनी बड़ी घटना के बाद भी ट्रैफिक सामान्य रूप से चलता दिख रहा है, जबकि साइनबोर्ड में फंसी गाड़ी कभी भी नीचे गिर सकती थी. यह दृश्य अपने आप में संदेह पैदा करता है.

फ्रेम दर फ्रेम विश्लेषण में यह भी पाया गया कि साइनबोर्ड के दूसरी तरफ लिखे कुछ अक्षर किसी भी सार्थक शब्द का निर्माण नहीं करते. इसके अलावा गाड़ी और बोर्ड के नीचे कुछ टुकड़े हवा में स्थिर दिखाई देते हैं, जो गिरते नहीं हैं. ये सभी संकेत वीडियो के कृत्रिम होने की ओर इशारा करते हैं.

एआई टूल ने किया खुलासा

वीडियो की सच्चाई जानने के लिए एआई और डीपफेक सामग्री की जांच करने वाले टूल hivemoderation का उपयोग किया गया. जांच में सामने आया कि 99.9 फीसदी संभावना है कि यह वीडियो एआई द्वारा जनरेट किया गया है.

इंस्टाग्राम अकाउंट से मिला सुराग

वीडियो में Viiztrix नामक इंस्टाग्राम आईडी का वॉटरमार्क नजर आता है. जब इस अकाउंट की पड़ताल की गई तो वहां एआई से तैयार किए गए कई अन्य वीडियो भी मिले. अकाउंट संचालक विष्णु एस ने अपनी प्रोफाइल बायो में स्पष्ट रूप से लिखा है कि ये एआई विजुअल्स हैं.

वायरल वीडियो के बाद इसी अकाउंट से एक और समान वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें एक अन्य गाड़ी साइनबोर्ड में फंसी हुई दिखाई गई है.

वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई

दिल्ली-गुरुग्राम एनएच-48 पर थार के साइनबोर्ड में घुसने का वायरल वीडियो वास्तविक नहीं है. जांच में यह पूरी तरह एआई से तैयार किया गया फर्जी वीडियो साबित हुआ है. सोशल मीडिया पर ऐसे भ्रामक वीडियो तेजी से फैलते हैं, इसलिए किसी भी दावे पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag