DGCA का Air India को अल्टीमेटम: तीन अधिकारी तुरंत बर्खास्त करो!
अहमदाबाद विमान हादसे की जांच में गंभीर लापरवाही सामने आने पर DGCA ने एयर इंडिया को सख्त अल्टीमेटम दिया है। सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत बर्खास्त करने का निर्देश दिया गया है, वरना कड़ी कार्रवाई तय है। जिम्मेदारों पर गाज गिरनी तय है।

12 जून को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरते ही हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया था. एयर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद 270 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी. यह हादसा फ्लाइट टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद हुआ, जब विमान बीजे मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल इमारत से टकरा गया.
अब इस हादसे की गंभीरता को देखते हुए भारत की नागरिक उड्डयन नियामक संस्था DGCA (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) ने एयर इंडिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. DGCA ने एयर इंडिया को आदेश दिया है कि वह तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दे, जिन पर फ्लाइट क्रू शेड्यूलिंग में गंभीर चूक और नियमों के उल्लंघन के आरोप हैं.
क्रू शेड्यूलिंग में चौंकाने वाली लापरवाही
DGCA की जांच में सामने आया कि इन अधिकारियों ने फ्लाइट क्रू को ऐसे समय उड़ान पर भेजा, जब वे अनिवार्य विश्राम, प्रशिक्षण और लाइसेंसिंग मापदंडों को पूरा नहीं कर रहे थे. इससे यह संकेत मिलता है कि एयर इंडिया के अंदर सुरक्षा से जुड़े मानकों की खुलकर अनदेखी की जा रही थी. यही नहीं, यह भी सामने आया कि यह केवल एक बार की नहीं, बार-बार दोहराई गई चूक थी, जिसे शीर्ष अधिकारियों ने नजरअंदाज किया.
हादसे का भयानक मंजर
लंदन जा रही फ्लाइट में कुल 242 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई. हादसे में जमीन पर मौजूद कम से कम 29 लोग भी मारे गए. अब तक 220 DNA सैंपल में से 202 शवों की पहचान हो चुकी है. मरने वालों में 160 भारतीय, 7 पुर्तगाली, 34 ब्रिटिश और 1 कनाडाई नागरिक शामिल हैं. केवल एक व्यक्ति इस हादसे में चमत्कारिक रूप से बच पाया.
टेक्निकल जांच और ब्लैक बॉक्स
ब्लैक बॉक्स की शुरुआती रिपोर्ट में संकेत मिले हैं कि टेकऑफ के दौरान इंजन, स्लाइड या फ्लैप से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी हादसे का कारण हो सकती है. इस घटना के बाद से एयर इंडिया के ड्रीमलाइनर और एयरबस बेड़े की सघन जांच शुरू कर दी गई है. DGCA हर विमान का विशेष निरीक्षण कर रहा है ताकि आगे किसी प्रकार की चूक न हो.
DGCA का सख्त रुख
DGCA ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एयर इंडिया से कहा गया है कि दोषी कर्मचारियों को सिर्फ निलंबित नहीं, बल्कि बर्खास्त किया जाए. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस हादसे को लेकर एयर इंडिया पर और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं.


