नाबालिग बच्चों को भी घसीटा गया...हिमंता बिस्वा सरमा के आरोपों पर गोगोई का पलटवार

असम में राजनीतिक तनाव चरम पर है. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गौरव गोगोई पर 2013 पाकिस्तान यात्रा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संबंधों का आरोप लगाया. गोगोई ने पलटवार में एसआईटी रिपोर्ट दबाने, परिवार की जमीन विवाद छिपाने और नाबालिग बच्चों को घसीटने का इल्जाम लगाया. दोनों तरफ से तीखे आरोप-प्रत्यारोप जारी.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

गुवाहाटीः असम की राजनीति में सोमवार को तनाव चरम पर पहुंच गया. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर पाकिस्तान से कथित संबंधों का आरोप लगाते हुए हमला तेज किया, जबकि गोगोई ने पलटवार में सरमा पर एसआईटी रिपोर्ट दबाने और नाबालिग बच्चों को राजनीतिक नाटक में घसीटने का इल्जाम लगाया.

सरमा ने एक्स पर पोस्ट कर गोगोई की 2013 पाकिस्तान यात्रा पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि गोगोई के वीजा में सिर्फ लाहौर, कराची और इस्लामाबाद की अनुमति थी, लेकिन वे तक्षशिला (टैक्सिला) गए, जो रावलपिंडी जिले में है. सरमा ने पूछा, "वीजा नियमों के मुताबिक बिना विशेष परमिशन के शहरों से बाहर जाना मुमकिन नहीं. रावलपिंडी में पाक आर्मी का जीएचक्यू भी है. कौन मदद की उनकी आवाजाही में?" उन्होंने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बताया.

गोगोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को बताया फ्लॉप नाटक

गोगोई ने गुवाहाटी में पत्रकारों से कहा कि सरमा की ढाई घंटे की प्रेस कॉन्फ्रेंस सी-ग्रेड सिनेमा से भी बदतर थी. उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईटी रिपोर्ट छह महीने से दबाई गई क्योंकि उसमें पाकिस्तान कनेक्शन साबित नहीं हुआ. अगर राष्ट्रीय सुरक्षा का सवाल था तो छह महीने चुप क्यों रहे? गोगोई ने पूछा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता और उनके परिवार की 12,000 बीघा जमीन के खुलासे से सरमा घबरा गए, इसलिए यह ड्रामा रचा.

गोगोई ने कहा कि मेरी पत्नी एलिजाबेथ काम के सिलसिले में पाकिस्तान गई थीं. हम नवविवाहित थे, क्या मैं उन्हें अकेला छोड़ देता? 10 दिन की यात्रा थी, कोई गुप्त बात नहीं. उन्होंने सरमा पर आरोप लगाया कि वे परिवार को राजनीति में घसीट रहे हैं. मेरे नाबालिग बच्चों का जिक्र किया, यह नीच हरकत है. हम उनके बच्चों के बारे में जानते हैं, लेकिन परिवार को नहीं घसीटते.

कानूनी कार्रवाई की धमकी

गोगोई ने मांग की कि सरमा अपने परिवार की 12,000 बीघा जमीन कैसे हासिल की, इसका जवाब दें. उन्होंने कहा कि गलत सूचना और सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो फैलाए जा रहे हैं, जो एक समुदाय को निशाना बना रहे हैं. पुलिस को स्वत: संज्ञान लेना चाहिए. गोगोई ने कानूनी कार्रवाई की बात कही, खासकर बच्चों पर टिप्पणी के लिए.

सरमा ने गोगोई उनकी पत्नी और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच गहरा संबंध बताया, दावा किया कि संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान पहुंचाई गई होगी. उन्होंने 2013 यात्रा को गुप्त करार दिया और प्रशिक्षण का संदेह जताया. गोगोई ने सभी आरोप खारिज किए. एसआईटी को काम करने दो, रिपोर्ट सार्वजनिक हो. मुख्यमंत्री चाणक्य नहीं हैं. उन्होंने कहा कि लोग सच समझते हैं, यह सिर्फ चुनावी राजनीति है.

यह विवाद असम विधानसभा चुनाव से पहले BJP और कांग्रेस के बीच तीखी जंग दिखाता है, जहां राष्ट्रीय सुरक्षा और व्यक्तिगत हमले आम हो गए हैं. दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं, लेकिन सबूतों की कमी पर सवाल उठ रहे हैं. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag