गुरुग्राम में दरिंदगी की हद पार... लिव इन पार्टनर ने लड़की के प्राइवेट पार्ट्स में लगा दी आग, मां के कॉल ने बचाई जान

गुरुग्राम में 19 वर्षीय छात्रा पर उसके लिव-इन पार्टनर ने कथित रूप से बेरहमी से हमला किया. शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के बाद आरोपी ने मारपीट की और गंभीर चोटें पहुंचाईं. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Shraddha Mishra

गुरुग्राम: गुरुग्राम से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. एक 19 वर्षीय छात्रा के साथ उसके लिव-इन पार्टनर ने ऐसी क्रूरता की, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है. शादी का वादा कर रिश्ते में आया युवक बाद में उसी लड़की की जान लेने पर उतारू हो गया. फिलहाल पीड़िता गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती है और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पीड़िता गुरुग्राम की एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में बायोटेक की पढ़ाई कर रही है और मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली है. पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि उसका 19 वर्षीय साथी शिवम पिछले कुछ समय से उसे शादी का भरोसा देकर संबंध बनाता रहा. दोनों की मुलाकात पिछले साल सितंबर में एक सोशल मीडिया ऐप के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और फिर दोनों सेक्टर-69 स्थित एक पीजी में साथ रहने लगे.

झगड़े ने लिया खौफनाक रूप

करीब डेढ़ से दो महीने से वे लिव-इन में रह रहे थे. इसी दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच कई बार बहस भी हुई. लड़की का आरोप है कि युवक उस पर शक करने लगा था और अक्सर झगड़ा करता था. 16 फरवरी को हुए झगड़े ने खौफनाक रूप ले लिया. पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने पहले उसे बेरहमी से पीटा. स्टील की बोतल से सिर पर वार किया, सिर को दीवार और फर्नीचर से टकराया और एक मटका भी फोड़ दिया. 

इसके बाद उसने चाकू से पैर पर कई बार हमला किया. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि आरोपी ने कथित तौर पर उसके प्राइवेट पार्ट्स पर सेनिटाइजर डालकर आग लगा दी. पीड़िता के हाथ, पैर और चेहरे पर भी गंभीर चोटों के निशान हैं. उसने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उसके निजी वीडियो बनाए और धमकी दी कि वह उसे इतना नुकसान पहुंचाएगा कि वह कभी सामान्य जीवन नहीं जी पाएगी.

मां की कॉल ने बचाई जान

घटना के दौरान संयोग से पीड़िता की मां का फोन आया. फोन पर बेटी की चीखें सुनकर मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. बादशाहपुर थाना पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो कमरा अंदर से बंद था. दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने पर पुलिस ने छात्रा को खून से लथपथ हालत में पाया. आरोपी उस समय भी उसे मार रहा था.

पुलिस ने तुरंत छात्रा को अस्पताल पहुंचाया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस प्रवक्ता संदीप तूरन के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. पीड़िता का इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टर नजर रखे हुए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag