हरियाणा में सनसनीखेज वारदात, निर्माणाधीन मकान की नींव से कट्टे में मिला महिला का शव
हरियाणा के गोहाना में एक निर्माणाधीन मकान की नींव से कट्टे में बंद महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में महिला के पति पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगा है, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

गोहाना: हरियाणा के गोहाना में रविवार देर रात एक निर्माणाधीन मकान से महिला का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. नई सब्जी मंडी क्षेत्र में एक प्लॉट की नींव में कट्टे में बंद डेडबॉडी मिलने की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
शुरुआती जांच में महिला की हत्या कर शव छिपाने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, मामले में महिला के पति पर हत्या का आरोप सामने आया है. घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
निर्माणाधीन मकान की नींव में मिला शव
जानकारी के अनुसार, वन विभाग वाली गली में रहने वाली प्रियंका उर्फ सीमा का शव नई सब्जी मंडी के पीछे स्थित एक निर्माणाधीन मकान की नींव में पड़ा मिला. शव कट्टे में बंद था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.
मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी गोहाना, थाना शहर गोहाना के एसएचओ और कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी.
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की.
पुलिस के अनुसार, मृतका मूल रूप से गांव घड़वाल की रहने वाली थी और फिलहाल गोहाना में रह रही थी.
पति पर हत्या का आरोप
जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के चलते महिला की हत्या किए जाने की आशंका है. आरोप है कि पति संदीप ने पत्नी की हत्या करने के बाद शव को कट्टे में बंद किया और उसे पास के प्लॉट की नींव में छिपा दिया.
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.


