सावधान! घरों से बाहर निकलने से पहले देख लें मौसम का हाल, अगले कुछ घंटों में इन 17 राज्यों में मच सकती है तबाही
मौसम में आ रहे बड़े बदलाव के बीच विभाग ने चेतावनी जारी की है. अगले 8 घंटों में देश के करीब 17 राज्यों में मौसम का हाल बिगड़ सकता है. कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना है.

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने लोगों को झुलसा दिया है. लेकिन अब राहत की खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में लू का असर कमजोर पड़ चुका है. जबकि बाकी बचे इलाकों में भी अगले 24 घंटों के भीतर तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.
17 राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 8 घंटों के भीतर देश के 17 राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में 31 मई को 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है.
केरल, तमिलनाडु में अलर्ट
मानसून की रफ्तार तेज हो गई है. दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 30 मई को इसने अरब सागर, बंगाल की खाड़ी तथा लक्षद्वीप के कई नए हिस्सों को कवर कर लिया है. आगामी 4 से 5 दिनों में इसके केरल, तमिलनाडु और आसपास के प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में पूरी तरह दस्तक देने के लिए परिस्थितियां बेहद अनुकूल बनी हुई हैं.
इन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने जिन 17 राज्यों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात, केरल, तमिलनाडु, त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड शामिल हैं.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दिल्ली में कल भी बारिश हुई थी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज शाम को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान दिल्ली में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. 1 और 2 जून को भी बादल तो दिखेंगे लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में आंधी का अलर्ट है. यूपी के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, आगरा और मेरठ जैसे बड़े शहरों में 31 मई को आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. पश्चिमी यूपी के शामली, बुलंदशहर और मेरठ जिलों में मौसम विशेष रूप से सक्रिय रहेगा, जहां 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
बिहार का मौसम
बिहार में बिजली गिरने की चेतावनी है. बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, पूर्णिया और दरभंगा समेत कई जिलों में अगले दो दिनों (31 मई से 1 जून) तक झमाझम बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.


