क्रिसमस को लेकर IMD ने जारी किया मौसम अपडेट; कई राज्यों में घना कोहरा, जानें दिल्ली-NCR में कैसा है AQI का हाल?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 दिसंबर को लेकर मौसम अपडेट जारी किया है, जिसके अनुसार देश के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने और कुछ हिस्सों में शीत लहर चलने की आशंका है.

आज यानी गुरुवार, 25 दिसंबर 2025 को दुनियाभर में क्रिसमस का त्योहार मनाया जा रहा है. साल के आखिरी सप्ताह में क्रिसमस और नए साल का जश्न होने से माहौल खुशनुमा रहता है, लेकिन इस बार मौसम की मार से लोग परेशान हैं. ठंड, कोहरा और वायु प्रदूषण की वजह से लोगों के मन मे सवाल है कि वो खुले में जश्न मनाएं या घरों में बंद रहें.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 दिसंबर को लेकर मौसम अपडेट जारी किया है. IMD के अनुसार आज देश के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने और कुछ हिस्सों में शीत लहर चलने की आशंका है. दिल्ली-एनसीआर में भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, हालांकि बुधवार को निकली धूप और तेज हवा का असर गुरुवार को भी देखने को मिला. सुबह के समय मौसम साफ रहा वही, वायु गुणवत्ता में भी पिछले दिनों की तुलना में सुधार देखा गया है.
बहतर स्थिति में AQI
25 दिसंबर की सुबह दिल्ली के आनंद विहार इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स AQI 280 रिकॉर्ड किया गया. भले ही ये स्तर ‘खराब’ श्रेणी में आता है, लेकिन हाल के दिनों की तुलना में यह स्थिति कुछ बेहतर मानी जा रही है. प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सरकार द्वारा कई तरह के कदम उठाए गए हैं. AQI में सुधार के बाद फिलहाल GRAP-4 प्रतिबंध को हटा लिए गए हैं, जिससे लोगों को कुथ राहत मिली है.
देश के कई हिस्सों में बढ़ रहा ठंड का असर
IMD के मुताबिक, देश के बड़े हिस्से में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा बना रह सकता है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 दिसंबर तक, जबकि जम्मू क्षेत्र के कुछ इलाकों में 27 दिसंबर तक कोहरे की स्थिति रह सकती है.
इसके अलावा बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर असम के कुछ हिस्सों में 29 दिसंबर तक घने कोहरे की संभावना है. पश्चिम बंगाल और पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 दिसंबर तक तथा पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों में भी 26 दिसंबर तक सुबह-शाम कोहरा छा सकता है. बिहार में 26 से 28 दिसंबर के बीच कोहरे का असर ज्यादा रहने के आसार हैं.
शीत लहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 26 दिसंबर तक कुछ स्थानों पर शीत दिवस से लेकर भीषण शीत दिवस की चेतावनी दी है. बिहार के अलग-अलग इलाकों में 28 दिसंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 दिसंबर तक शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में 26 और 27 दिसंबर को शीत लहर चलने की संभावना है, जिससे ठंड और तेज हो सकती है.
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इसके बाद अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में फिलहाल दो दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन बाद में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है. देश के अन्य हिस्सों में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होने की संभावना है.
सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी के कई राज्यों के लिए घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में अलग-अलग तारीखों पर घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 25 से 27 दिसंबर के बीच शीत लहर चल सकती है. IMD ने लोगों से खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करते वक्त सावधानी बरतने की अपील की है. कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है.


