मलेशिया में जल्द ही शुरू होगा भारत का UPI सिस्टम, 30 लाख प्रवासी भारतीयों के बीच PM मोदी का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया यात्रा के दौरान घोषणा की कि जल्द ही वहां यूपीआई शुरू किया जाएगा. इस दौरे में रक्षा, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया. प्रवासी भारतीयों से भी उन्होंने मुलाकात की.

नई दिल्ली: भारत का डिजिटल भुगतान सिस्टम UPI अब सीमाओं के पार भी अपनी पहचान मजबूत करने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि यूपीआई को जल्द ही मलेशिया में शुरू किया जाएगा. यह ऐलान उन्होंने अपनी दो दिवसीय मलेशिया यात्रा के दौरान किया, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक, रक्षा और जन-स्तर पर संबंधों को और गहरा करना है.
प्रधानमंत्री मोदी 2026 की अपनी पहली विदेश यात्रा पर कुआलालंपुर पहुंचे. यह दौरा उस समय हो रहा है जब भारत और मलेशिया ने अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचा दिया है. पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और सुरक्षा सहयोग में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है. इस यात्रा को उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
प्रवासी भारतीयों से खास मुलाकात
कुआलालंपुर में आयोजित एक बड़े सामुदायिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने मलेशिया में बसे भारतीय समुदाय को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि करीब 30 लाख भारतीय मूल के लोग मलेशिया में रहते हैं और वे दोनों देशों के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करते हैं.
उन्होंने मलेशिया की प्रगति में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की और इसे ऐतिहासिक मित्रता की नींव बताया. प्रधानमंत्री ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने व्यक्तिगत रूप से हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया और कार्यक्रम स्थल तक साथ गए. मोदी ने इसे भारत के प्रति सम्मान और स्नेह का प्रतीक बताया.
सांस्कृतिक जुड़ाव की झलक
कार्यक्रम के दौरान 800 कलाकारों ने एक भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति दी. प्रधानमंत्री ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रस्तुति लंबे समय तक याद रखी जाएगी. उन्होंने भारत और मलेशिया के साझा सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों के खान-पान, भाषा और संगीत में समानता देखने को मिलती है. भारतीय फिल्मों और गीतों की लोकप्रियता का भी उन्होंने उल्लेख किया.
रक्षा और आर्थिक सहयोग पर फोकस
अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया के नेतृत्व के साथ विस्तृत बातचीत करेंगे. उम्मीद है कि इस दौरान कई अहम समझौतों पर सहमति बनेगी. रक्षा सहयोग को मजबूत करने, व्यापार बढ़ाने और नई तकनीकों में साझेदारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में यूपीआई की शुरुआत को दोनों देशों के आर्थिक संबंधों में एक नया अध्याय माना जा रहा है.
वहीं, प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में भारत जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण का मुद्दा भी उठाने वाला है. भारत पहले भी इस विषय पर अपनी मांग दोहरा चुका है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा का एजेंडा व्यापक है और इससे द्विपक्षीय संबंधों को नई गति मिलेगी.


